शिमला-बाघी, शिमला-कराल समेत कई रूटों पर बसों का नियमित संचालन नहीं, ग्रामीणों पर बढ़ा आर्थिक बोझ
विज्ञापन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
रोहड़ू । कोटखाई के उबादेश क्षेत्र में पिछले चार वर्षों से हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की कई महत्वपूर्ण बस सेवाएं बंद हैं। इस कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिमला से बाघी के लिए सुबह और शाम चलने वाली बसों के अलावा शिमला-कराल, कोटखाई-मिहाणी, कोटखाई-नगान और कोटखाई-बघाल रूट पर भी बसों का नियमित संचालन नहीं हो रहा है। स्थानीय ग्रामीणों विजय भारद्वाज, प्रदीप भोलटा, रमेश डोटका, रमेश चौहान, घनश्याम जस्टा, शिशु चौहान, महाबीर चौहान, जय सिंह, मदन घाई, ज्ञान वर्मा और सुनील चौहान ने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय से सरकारी बसें नहीं चल रही हैं। इस कारण लोगों को मजबूरन निजी टैक्सियों का सहारा लेना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार इसका सबसे अधिक असर कर्मचारियों, विद्यार्थियों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है। रोजमर्रा के कामकाज के लिए शिमला और कोटखाई आने-जाने वाले लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। सरकारी बस सेवा ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख साधन है, लेकिन लंबे समय से रूटों पर बसें नहीं चलने से लोगों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मांग की है कि उबादेश क्षेत्र के सभी बंद एचआरटीसी बस रूटों पर जल्द नियमित बस सेवा बहाल की जाए, ताकि ग्रामीणों को निजी टैक्सियों पर निर्भर न रहना पड़े।
स्टाफ और बसों की कमी के चलते सभी रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाना संभव नहीं हो पा रहा है। विभाग को अतिरिक्त बसें उपलब्ध होने के बाद ही संबंधित रूटों पर बसों का संचालन सुचारु रूप से किया जा सकेगा। कई रूट घाटे में चल रहे हैं। इस वजह से बस बंद कर दी गई है।