चूहाबाग में तीन मंजिला मकान में भड़की आग
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर के चूहाबाग में तीन मंजिला मकान में शुक्रवार सुबह आग भड़क गई। इससे लाखों का नुकसान होने का अनुमान है। अग्निशमन विभाग ने आग पर काबू पाया। राजस्व विभाग की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 4:04 बजे रामपुर नगर परिषद के वार्ड आठ चूहाबाग में राजकुमार पुत्र सीताराम के मकान की तीसरी मंजिल में अचानक आग भड़क गई। तीसरी मंजिल में किताबें और करियाना का स्टोर था, जो जलकर राख हो गया। सूचना मिलते ही रामपुर अग्निशन विभाग के कर्मचारी तीन दमकल वाहन लेकर मौके पर पहुंचे। अग्निशमन कर्मचारियों ने शुक्रवार सुबह सवा नौ बजे तक आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो नुकसान काफी बढ़ सकता था। इस अग्निकांड में करीब 25 लाख का नुकसान होने का अनुमान है। अग्निशमन विभाग के 15 कर्मियों ने 50 लाख की संपत्ति को जलने से बचाया। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
अग्निशमन विभाग रामपुर के उप अधिकारी केशव नेगी और अशोक शर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब पांच घंटे में आग पर काबू पाया गया। 15 कर्मियों ने युद्धस्तर पर कार्य करते हुए लाखों का नुकसान होने से बचाया है।
उधर, नायब तहसीलदार रामपुर गोपाल कृष्ण मुखिया ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से 10 हजार रुपये की फौरी राहत जारी की गई है।