फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahar News: बारिश से तीन कच्चे और एक पक्का मकान, दो पशुशालाएं क्षतिग्रस्त

विज्ञापन
विज्ञापन
जिले में सोमवार रात से हो रही बारिश से लोक निर्माण विभाग को 1.74 करोड़ का नुकसान
विज्ञापन

किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर तीन जगह वन-वे यातायात
जलशक्ति विभाग को एक दिन में 42 लाख की लगी चपत

संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर/झंडूता। जिले में सोमवार रात से लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित किया है। बारिश के चलते जिले में एक दिन में तीन कच्चे मकान, एक पक्का मकान और दो पशुशालाएं क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं, लोक निर्माण विभाग को लगभग 1.74 करोड़ रुपये और जल शक्ति विभाग को 42 लाख रुपये का नुकसान झेलना पड़ा है।
विज्ञापन

मूसलधार बारिश से किरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर तीन जगह मलबा आने से यातायात वन-वे करना पड़ा। इससे जाम लग गया और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। फोरलेन पर मैहला, समलेटू और बलोह टोल प्लाजा के पास लगातार पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। इस कारण करीब चार किलोमीटर तक यातायात वन-वे ही है। वहीं, झंडूता, मांडवा, भड़ोली कलां और शाहतलाई को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग मांडवा पुल के दोनों ओर से भूस्खलन और भारी मलबे के कारण सोमवार रात से ही यातायात के लिए पूरी तरह अवरुद्ध है। पहाड़ी से लगातार ल्हासे और पत्थर गिरते रहे। लोक निर्माण विभाग ने युद्धस्तर पर काम करते हुए मंगलवार दोपहर तक सड़क को बहाल कर दिया। भारी बारिश से सेर तुंगड़ी-सुन्हाणी, बरोहा-ज्योरिपतन समेत कई अन्य संपर्क सड़कों पर भी ल्हासे और मलबा गिरने से यातायात बाधित हुआ। हालांकि विभाग ने जेसीबी मशीनों की मदद से सभी सड़कों को समय रहते यातायात के लिए खोल दिया। प्रशासन ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि छोटे बरसाती नालों में पानी का तेज बहाव है, इसलिए लोग घरों से बाहर निकलते समय और इन नालों को पार करते वक्त सावधानी बरतें। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश शर्मा ने बताया कि बारिश से कई जगह ल्हासे गिरे हैं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। विभाग की मशीनरी लगातार सड़कों को खुला रखने में लगी हुई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि झंडूता से भड़ोली कलां, कोटधार और शाहतलाई को जोड़ने वाले मांडवा पुल मार्ग पर विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि किसी भी समय पत्थर और मलबा गिर सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें