रामपुर प्रशासन ने फांचा से श्रीखंड महादेव ट्रेक को विकसित करने का पर्यटन विभाग को भेजा प्रस्ताव
विज्ञापन
सुरक्षा, तकनीकी व्यवहार्यता के लिए पर्वतारोहण संस्थान मनाली से सेवाएं लेने की सिफारिश पर्यटन एवं ट्रेकिंग मार्गों के विकास कार्यक्रम के तहत तैयार किया प्रस्ताव संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। फांचा वाया नंती-टिक्कर से 12 वर्ष बाद श्रीखंड महादेव की पवित्र यात्रा के शुरू होने की आस जगी है। इस मार्ग से श्रीखंड महादेव यात्रा शुरू करने की तैयारियां शुरू हो गई हैं। फांचा से श्रीखंड तक करीब 14 किलोमीटर लंबे मार्ग को विकसित किया जाएगा। इसे लेकर उपमंडल प्रशासन रामपुर ने प्रस्ताव तैयार किया है और जिला पर्यटन अधिकारी को भेजा है। ज्यूरी के उन्नू महादेव से बंद पड़ी पवित्र छड़ी यात्रा के शुरू होने की उम्मीद जगी है। उत्तर भारत के कुल्लू जिले में स्थित श्रीखंड महादेव के दर्शन के लिए अब वाया बागीपुल के साथ-साथ वाया फांचा होकर भी यात्रा शुरू होने की प्रबल उम्मीद बढ़ गई है। प्रशासन ने वर्ष 2026-27 के बजट आश्वासन के तहत पर्यटन एवं ट्रेकिंग मार्गों के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। फांचा से वाया नंती, टिक्कर मार्ग समुद्र तल से 2293 मीटर से लेकर 5111 मीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और हिमालयी पर्वत शृंखलाओं, घने जंगलों, झरनों, ग्लेशियरों और धार्मिक महत्व के स्थलों से होकर गुजरता है। इस मार्ग से यात्रा को फिर से शुरू करने को लेकर 18 जून को फांचा में विभिन्न विभागों और स्थानीय लोगों की बैठक हुई थी। इस बैठक में यात्रा मार्ग के विकास को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद वन विभाग ने प्रारूप प्रस्ताव तैयार किया और पर्यटन विभाग को भेजा।
यात्रियों की सुविधा के लिए उपलब्ध करवाई जाए सुविधाएं
पर्यटन विकास अधिकारी को भेजे प्रस्ताव में इस मार्ग पर स्थायी आश्रय स्थल, विश्राम शेड, सुरक्षा रेलिंग, सूचना एवं दिशा संकेतक बोर्ड, पर्यावरण अनुकूल शौचालय, कचरा प्रबंधन प्रणाली और संचार सुविधाओं के विकास की आवश्यकता बताई गई है। साथ ही मार्ग की सुरक्षा और तकनीकी व्यवहार्यता का आकलन करने के लिए अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण एवं संबद्ध खेल संस्थान मनाली की सेवाएं लेने की भी सिफारिश की गई है।
फांचा से श्रीखंड महादेव यात्रा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और ठहराव को लेकर तैयार किया गया प्रस्ताव पर्यटन विभाग को भेजा है। फांचा से श्रीखंड महादेव तक करीब 14 किलोमीटर लंबे ट्रेक को विकसित करने की योजना है। - अमरेंद्र सिंह, एसडीएम रामपुर हर्ष