भावानगर (किन्नौर)। जिले के भावानगर और ग्राम पंचायत निचार को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद आगामी आदेश तक सीएचसी भावानगर और निचार में ओपीडी बंद कर दी गई हैं। फिलहाल, लोगों की सुविधा के लिए पौंडा में अस्थाई प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोला गया है।
भावानगर में चार पुलिस कर्मचारियों के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद 27 जून से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ओपीडी बंद है। जबकि, ग्राम पंचायत निचार में तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद तीन जुलाई से सीएचसी निचार में भी अगले आदेश तक ओपीडी बंद कर दी गई है।
भावानगर और निचार सीएचसी में ओपीडी बंद किए जाने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने पौंडा हेल्थ सेंटर में अस्थायी तौर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सेवाएं शुरू कर दी हैं। पौंडा में प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सक सहित पूरी टीम तैनात कर दी है। कंटेनमेंट जोन घोषित करने से पहले सीएचसी भावानगर में करीब सौ मरीज हर रोज उपचार के लिए पहुंचे थे। इसी तरह सीएचसी निचार में भी 50 के करीब ओपीडी रहती थी। पौंडा में चलाए जा रहे अस्थायी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए नाम मात्र लोग ही पहुंच रहे हैं।
बीएमओ निचार डॉ. ब्रह्मजीत ने कहा कि भावानगर और ग्राम पंचायत निचार को कंटेनमेंट जोन घोषित करने के बाद लोगों की सुविधा के लिए पौंडा हेल्थ सेंटर में अस्थायी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शुरू किया गया है।