भावानगर (किन्नौर)। किन्नौर जिले के भावानगर थाने के तीन पुलिस कर्मी कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन ने पूरे कंटेनमेंट जोन को सैनिटाइज कर दिया है। प्रशासन ने भावानगर, लुतुक्सा और पलिंगी तक के क्षेत्र को सैनेटाइज किया, ताकि क्षेत्र में कोरोना संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
गौर हो कि शुक्रवार रात को भावानगर पुलिस थाने के तीन पुलिस जवान कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद प्रशासन ने समूचे भावानगर क्षेत्र को सैनिटाइज किया। भावानगर थाने के तीन पुलिस कर्मियों के एक साथ कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद कंटेनटमेंट जोन में लोगों को घर से बाहर नहीं आने दिया जा रहा। प्रशासन ने मिनी सचिवालय, सीएचसी, सार्वजनिक शौचालय, पुलिस गुमटी सहित पूरे बाजार को सैनिटाइज कर दिया है। भावानगर बाजार के सार्वजनिक स्थलों को इससे पहले भी कई बार सैनिटाइज किया गया है।
एसडीएम मनमोहन सिंह के निर्देश पर तहसीलदार प्रेम सरिता कंटेनमेंट जोन में सैनिटाइज करते समय मौजूद रहीं। कंटेनमेंट जोन को सैनिटाइज करने के लिए सभी प्रकार की सामग्री प्रशासन की ओर से उपलब्ध करवाई गई। जबकि, सैनिटाइज करने के लिए फायर टेंडर और टीम छोल्तू से जेएसडब्ल्यू द्वारा उपलब्ध करवाई गई। एसडीएम मनमोहन सिंह ने बताया कि भावानगर में तीन पुलिस कर्मी कोरोना पॉजिटिव आने के बाद कंटेनमेंट जोन को प्रशासन ने पूरी तरह सैनिटाइज कर दिया है।
उधर, जेएसडब्ल्यू के सिक्योरिटी हेड नितिन गुप्ता ने कहा कि प्रशासन की ओर से जेएसडब्ल्यू द्वारा भावानगर क्षेत्र के सभी कंटेनमेंट जोन को सैनिटाइज किया गया है।