रामपुर बुशहर। कोरोना महामारी के चलते कामगारों और मजदूरों का रोजगार ठप हो गया है। इनके समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। ऐसे में प्रशासन जरूरतमंदों की हरसंभव मदद कर रहा है। रामपुर उपमंडल के तहत विभिन्न क्षेत्रों में रह रहे 900 से अधिक मजदूरों और आर्थिक रूप से पिछड़े लोगों को प्रशासन राशन मुहैया करवा रहा है। वहीं उपमंडल में करीब 1500 ऐसे मजदूर हैं, जिन्हें ठेकेदार के माध्यम से खाद्य सामग्री मुहैया करवाई जा रही है। प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए वाहन चलाए है, जिससे ग्रामीणों को घरद्वार पर ही खाद्य सामग्री और अन्य जरूरत का सामान मुहैया करवाया जा रहा है।
सोमवार को उपमंडलाधिकारी रामपुर नरेंद्र चौहान की अध्यक्षता में बैठक हुई। कोरोना महामारी के चलते किए गए लॉकडाउन को मद्देनजर रखते हुए उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने रामपुर तहसील, ननखड़ी तहसील, सराहन उप तहसील, तकलेच उपतहसील से आए अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को जरूरत का सामान मुहैया करवाया जाए। लॉकडाउन के दौरान लोग घरों से बाहर न निकलेें इसके व्यापक प्रबंध किए जाएं। उन्होंने बताया कि उपमंडल में 900 मजदूरों और जरूरतमंदों को प्रशासन, जबकि करीब 1500 मजदूरों को ठेकेदार के तहत राशन सामग्री उपलब्ध करवाई जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सब्जियां और अन्य खाद्य सामग्रियां पहुंचाने के लिए वाहनों की व्यवस्था की गई है। लोगों को घरद्वार पर ही जरूरी सामान मुहैया करवाया जा रहा है। प्रशासन ने होम डिलिवरी के तहत ज्यूरी, सराहन, तकलेच और ननखड़ी तहसील के करीब 20-25 लोगों को दवा और अन्य आवश्यक सामान उपलब्ध करवाया है। बाहरी क्षेत्रों से आने वाले लोगों के लिए प्रशासन ने करीब 15 भवन चयनित कर क्वारंटीन की व्यवस्था की है। उपमंडल के विभिन्न क्षेत्रों में चयनित किए गए इन भवनों में खाने, ठहरने और स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने इसके लिए होटल, सरकारी विश्रामगृह सहित अन्य भवनों का प्रबंध किया है।
एसडीएम नरेंद्र चौहान ने बताया कि कोरोना महामारी से निपटने के लिए उपमंडल की विभिन्न तहसीलों से आए अधिकारियों को लोगों को खाद्य आपूर्ति और जरूरत का सामान उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। महामारी से बचने के लिए लोग अपने घरों पर ही रहें। बैठक में तहसीलदार रामपुर विपिन ठाकुर, तहसीलदार ननखड़ी वीना ठाकुर, थाना प्रभारी रामपुर रविंद्र नेगी, एसएमओ खनेरी एमएस मेहता, बीएमओ आरके नेगी, खाद्य आपूर्ति विभाग के निरीक्षक धनवीर ठाकुर, बीडीओ ननखड़ी कमेश्वर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।