रिकांगपिओ (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के देवी-देवता महामारी से निपटने में अपना भरपूर सहयोग कर रहे हैं। विश्व पटल पर अपनी प्राकृतिक छटा बिखेर रही सांगला वैली के देवता श्री बेरिंग नाग प्रबंधन समिति ने मुख्यमंत्री राहत कोष में एक लाख 111 रुपये का अंशदान दिया है। सांगला पंचायत ने भी 35 हजार रुपये की राशि जुटाई है।
श्री बेरिंग नाग देवता सांगला प्रबंधन समिति ने सोमवार को उपायुक्त गोपाल चंद के माध्यम से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए एक लाख 111 रुपये का अंशदान किया। प्रबंधन समिति के भंडारी धर्मदेव और मोतमीन डॉ. अजय नेगी ने जिला उपायुक्त को अंशदान का चेक भेंट किया। ग्राम पंचायत सांगला के प्रधान सचिन नेगी और उपप्रधान उपेंद्र नेगी ने भी पंचायत के सभी सदस्यों की ओर से मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 35 हजार रुपये का चेक भेंट किया। जिला दंडाधिकारी ने श्री बेरिंग नाग देवता प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत प्रधान, उपप्रधान और सदस्यों का मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान देने के लिए आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इससे समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह राशि कोरोना संक्रमण को रोकने में मददगार साबित होगी। उन्होंने जिले के लोगों से लॉकडाउन का पूरी तरह से पालन करने और अपने घरों पर ही रहने की सलाह दी।