सीबीसी मशीन से कम समय में मिलेगी मरीज की रिपोर्ट
सीएसआर फंड से आठ लाख रुपये की मशीन होगी इंस्टाल
पुरानी मशीन में होते थे केवल 17 पैरामीटर, एक माह से थी खराब
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। क्षेत्रीय अस्पताल में आधुनिक सुविधा से लैस सीबीसी मशीन की सुविधा जल्द मरीजों को मिलनी शुरू हो जाएगी। इससे मरीजों को रक्त से संबंधित 33 टेस्ट करवाने लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। इतना ही टेस्ट भी मुफ्त होंगे। अस्पताल में यह मशीन निजी फार्मा उपकरण बनाने वाली कंपनी के कॉर्पोरेट की सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) फंड के तहत करीब आठ लाख रुपये की ली गई है। अब इसका सीधा फायदा मरीजों को मिलेगा।
वहीं सीबीसी मशीन एक माह पहले खराब हो गई थी। इसके बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से इस मशीन को खरीदने के लिए विभिन्न कंपनियों से संपर्क साधा था। जिसके बाद एक फार्मा उपकरण बनाने वाली कंपनी ने सीएसआर फंड के तहत मशीन को देने के लिए कहा। अब यह मशीन अस्पताल में आ गई है। जिसे कुछ दिनों में संबंधित कंपनी की ओर से इंस्टाल कर दिया जाएगा। मशीन में खास बात यह है कि इससे रक्त से संबंधित 33 टेस्ट आसानी से किए जा सकेंगे। इससे पहले मशीन में केवल 17 ही पैरामीटर थे और अन्य रक्त से संबंधित टेस्ट के लिए अलग से टेस्ट किया जाता था। लेकिन अब एक ही मशीन के जरिए एक साथ अलग-अलग खून की जांचें हो सकेंगी। साथ ही टेस्ट रिपोर्ट भी कम समय में मिल जाएगी।
गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन जिला का सबसे बड़ा अस्पताल है। अस्पताल में सोलन ही नहीं बल्कि जिला सिरमौर और शिमला से भी लोग उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में मरीजों को बीमारी से संबंधित कई प्रकार के रक्त टेस्ट करवाने के लिए लिखे जाते हैं। लेकिन बीते दिनों से अस्पताल में सीबीसी मशीन खराब थी। ऐसे में मरीजों को कुछ टेस्ट करवाने के लिए निजी क्लीनिकों में जाना पड़ता था। लेकिन अब आधुनिक सुविधाओं से लैस मशीन अस्पताल में आ गई है। इस मशीन के जरिए मरीजों को व्हाइट ब्लड सेल, रेड ब्लड सेल, हिमोग्लोबिन, एचटी, एमसीवी, एमसीएच, एमसीएससी, प्लेटलेट्स समेत अन्य 33 टेस्ट संभव होंगे।
इनसेट
इससे पहले भी आई थी एक्सरे मशीन
सीएसआर फंड से अस्पताल में इससे पहले एक्सरे मशीन आई थी। इस मशीन का अब मरीजों को फायदा मिल रहा है। रोजाना अस्पताल में 90 एक्सरे होते हैं। यह सरकार के निर्धारित दाम के अनुसार होते हैं। जबकि अधिकतर मरीजों के निशुल्क एक्सरे किए जाते हैं। अब इसी तरह इस मशीन का भी फायदा जल्द मरीजों को मिलने वाला है।
इनसेट
सीएसआर फंड के तहत कंपनी ने सीबीसी मशीन को अस्पताल के लिए दिया है। मशीन करीब आठ लाख रुपये की है। इसे अगले दो दिनों में इंस्टाल कर दिया जाएगा। इसके बाद अस्पताल में रक्त से संबंधित सभी टेस्ट की सुविधा मरीजों को मिलेगी। अस्पताल में बेहतर सुविधा देने के लिए प्रशासन की ओर से रोजाना कार्य किया जा रहा है।
-डॉ. एसएल वर्मा
चिकित्सा अधीक्षक, क्षेत्रीय अस्पताल सोलन