नित्थर के शनहा में सतलुज नदी पर बने झूला पुल का काम शुरू करते कर्मचारी
- फोटो : RAMPUR-HP
नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के शनहा के पास सतलुज नदी पर कुछ दिन पहले टूटे झूले पुल का निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ।
झूला पुल टूटने के कारण दो गांवों का संपर्क टूट गया था। ग्रामीणों की समस्या को लेकर अमर उजाला ने भी प्राथमिकता से खबर प्रकाशित की थी। इसके बाद अब वीरवार से क्षतिग्रस्त झूला पुल का निर्माण कार्य शुरू हो गया है।
गौर हो कि झूला पुल के नहीं होने से गांव शनहा और मोरला गांव के ग्रामीणों को दस से पंद्रह किलोमीटर अतिरिक्त सफर कर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। उम्मीद है कि मौसम ने साथ दिया कि तो जल्द ही यह पुल बनकर तैयार हो जाएगा। स्थानीय लोगों ने कार्य शुरू होने से राहत की सांस ली है।
सहायक अभियंता नित्थर जय कुमार शर्मा ने कहा कि इसका काम शुरू हो गया है। उम्मीद है कि कुछ ही दिनों में यह बनकर तैयार हो जाएगा और लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा।