ऊन-पश्मीना और सेंधा नमक का भी होता था कारोबार. 1681 की संधि ने मजबूत किए भारत-तिब्बत के व्यापारिक रिश्ते
विज्ञापन
लवी मेले में सजे इतिहास के झरोखे, सदियों पुरानी भारत-तिब्बत व्यापारिक विरासत से रूबरू हो रहे लोग
प्रकाश ठाकुर रामपुर बुशहर। रामपुर का ऐतिहासिक लवी मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और तिब्बत के सदियों पुराने रिश्तों की जीवंत विरासत है। कभी यहां तिब्बती घोड़ों के बदले बुशहर रियासत की तलवारों का आदान-प्रदान होता था। इसके बाद ऊन, पश्मीना, सेंधा नमक जैसी वस्तुओं का कारोबार भी इस व्यापारिक परंपरा का अहम हिस्सा बना। इसी ऐतिहासिक व्यापार ने रामपुर को भारत-तिब्बत के प्रमुख व्यापारिक केंद्रों में पहचान दिलाई। लवी मेले में प्रशासन की ओर से इतिहास के झरोखे की प्रदर्शनी सजाई गई है। इस प्रदर्शनी में लोग सदियों पुरानी भारत-तिब्बत व्यापारिक विरासत से रूबरू हो रहे हैं। प्रदर्शनी में इतिहास के प्रोफेसर डॉ. विपिन शर्मा, डॉ. जय सिंह नेगी और रामपुर कॉलेज के विद्यार्थी भारत-तिब्बत व्यापार के बारे में जानकारी दे रहे हैं। इतिहास में बुशहर के राजा केहरी सिंह और तिब्बत में पांचवें दलाईलामा के बीच वर्ष 1679 से 1681 के दौरान हुई संधि को विशेष महत्व दिया जाता है। इस संधि को दर्शाने वाले भित्तिचित्र में तिब्बती घोड़ों के बदले बुशहर की तलवारों के आदान-प्रदान का दृश्य अंकित है। यह दोनों क्षेत्रों के बीच स्थापित व्यापारिक संबंधों का प्रतीक है। माना जाता है कि इस संधि ने हिमालय पार व्यापार को व्यवस्थित करने और रामपुर में वार्षिक लवी मेले की परंपरा को मजबूत आधार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उस समय तिब्बत से व्यापारी याक की ऊन, पश्मीना, सेंधा नमक लेकर रामपुर पहुंचते थे। ऊन और पश्मीना की मांग दूरदराज के बाजारों में भी रहती थी। वहीं, नमक पहाड़ी क्षेत्रों की जरूरतों से जुड़ी महत्वपूर्ण वस्तु था। व्यापारी कई बार नकदी के बजाय वस्तुओं की अदला-बदली के माध्यम से कारोबार करते थे। इसके बदले उन्हें अनाज, गुड़, कपड़ा, धातु से बनी वस्तुएं और अन्य जरूरत का सामान मिलता था। बुशहर की तलवारें भी इस व्यापारिक इतिहास का खास हिस्सा रही हैं। तिब्बती घोड़ों के बदले तलवारों का आदान-प्रदान इस बात का प्रमाण माना जाता है कि उस दौर में रामपुर केवल कृषि उत्पादों या ऊनी वस्तुओं का बाजार नहीं था, बल्कि यहां स्थानीय शिल्प और धातु से बनी वस्तुओं का भी महत्व था। संवाद
घोड़ों, याक और खच्चरों के काफिलों के साथ पहुंचते थे व्यापारी
वर्ष 1911 के बुशहर स्टेट गजेटियर में भी तिब्बत के साथ होने वाले व्यापार और रामपुर में पहुंचने वाली वस्तुओं का उल्लेख मिलता है। उस समय दूर-दराज के क्षेत्रों से व्यापारी घोड़ों, याक और खच्चरों के काफिलों के साथ रामपुर पहुंचते थे। कई दिनों तक चलने वाले इस व्यापारिक जमावड़े से पूरा क्षेत्र गुलजार रहता था। समय के साथ भारत-तिब्बत के पारंपरिक व्यापारिक मार्गों पर आवाजाही बंद होने से यह पुराना कारोबार समाप्त हो गया। हालांकि लवी मेले की ऐतिहासिक पहचान आज भी उसी व्यापारिक विरासत से जुड़ी हुई है। आज मेले का स्वरूप बदल चुका है, लेकिन तिब्बती घोड़ों के बदले बुशहर की तलवारों से शुरू हुई व्यापारिक कहानी रामपुर के इतिहास में आज भी विशेष स्थान रखती है।
स्कूल मैदान में लगता था लवी मेला
पुराने समय में लवी मेले का आयोजन पदम राजकीय स्कूल मैदान में होता था। मेले के दौरान आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से महिलाएं पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सज-धजकर खरीदारी करने पहुंचती थीं। मेले में महिलाओं के लिए ऊन और रोज-मर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की दुकानें आकर्षण का केंद्र रहती थीं। समय के साथ मेले का स्वरूप बदला है, लेकिन लवी मेला आज भी रामपुर की पहचान और पीढ़ियों से चली आ रही सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना हुआ है।
पुराने समय में पदम स्कूल रामपुर के मैदान में अयोजित लवी मेले की तस्वीर। संवाद
पुराने समय में पदम स्कूल रामपुर के मैदान में अयोजित लवी मेले की तस्वीर। संवाद
पुराने समय में पदम स्कूल रामपुर के मैदान में अयोजित लवी मेले की तस्वीर। संवाद
पुराने समय में पदम स्कूल रामपुर के मैदान में अयोजित लवी मेले की तस्वीर। संवाद
पुराने समय में पदम स्कूल रामपुर के मैदान में अयोजित लवी मेले की तस्वीर। संवाद
पुराने समय में पदम स्कूल रामपुर के मैदान में अयोजित लवी मेले की तस्वीर। संवाद
पुराने समय में पदम स्कूल रामपुर के मैदान में अयोजित लवी मेले की तस्वीर। संवाद