नमी बढ़ते ही नर्सरियों में सेब के पौधों की मांग बढ़ी
विज्ञापन
प्राकृतिक परिस्थितियों में तैयार मजबूत पौधों को प्राथमिकता दी जाए
संवाद न्यूज एजेंसी रोहड़ू।
लंबे समय तक चले सूखे के बाद बारिश-बर्फबारी ने सेब के बागवानों के लिए नई उम्मीद जगा दी है। सेब उत्पादक क्षेत्रों में बागवान अब नए सेब बगीचे लगाने की तैयारी में जुट गए हैं। भूमि में नमी बढ़ते ही नर्सरियों में सेब के पौधों की मांग में भी बढ़ी है। हालांकि, सूखे के कारण इस बार पर्याप्त संख्या में गुणवत्तायुक्त पौधे उपलब्ध नहीं हो रहे हैं। बागवानों का कहना है कि सेब की कुछ नर्सरियों में पौधों की अधिक उपलब्धता है, क्योंकि वहां अधिकांश सेब के पौधे सिंचाई के सहारे तैयार किए गए हैं। विशेषज्ञों के अनुसार सिंचाई से तैयार किए गए सेब के पौधों में सूखा सहने की क्षमता अपेक्षाकृत कम होती है। आगे गर्मी बढ़ने पर ऐसे पौधे जल्दी सूख जाते हैं, इसलिए प्राकृतिक परिस्थितियों में तैयार मजबूत पौधों को प्राथमिकता दी जाती है। सेब बहुल क्षेत्र में अधिकतर बगीचों में परंपरागत तरीके से सीडलिंग (बीज) मूलवृंत पर रॉयल डिलिशियस किस्म का रोपण किया जा रहा है, लेकिन इसकी उत्पादकता सीमित मानी जाती है। इसके विपरीत विकसित देशों में उन्नत रूट स्टाॅक तकनीक अपनाकर सेब की पैदावार में कई गुना वृद्धि की जा रही है। अब कुछ जागरूक बागवान विकसित देशों की तर्ज पर आधुनिक बागवानी पद्धतियों को अपना रहे हैं। रूट स्टाॅक आधारित पौधों से तैयार किए गए बगीचों में न केवल पौधों की ऊंचाई नियंत्रित रहती है, बल्कि फल की गुणवत्ता, रंग और आकार भी बेहतर होता है। साथ ही रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती और देखभाल भी अपेक्षाकृत आसान रहती है। इसी कारण बागवानों में अब सेब की रूट स्टाॅक किस्म के पौधे लगाने का उत्साह तेजी से बढ़ रहा है।
बागवानी विशेषज्ञ डाॅ. नरेंद्र कायथ का कहना है कि पौधशालाओं में मुख्य रूप से दो प्रकार के रूट स्टाॅक उपयोग में लाए जाते हैं। पहला सीडलिंग रूट स्टाक, जिसे बीज मूलवृंत भी कहा जाता है। दूसरा क्लोनल रूट स्टाॅक, जिसे चयनित मूलवृंत के रूप में जाना जाता है। अच्छे फल से बीज का चयन कर आवश्यक गुणों की जांच के बाद पौध तैयार की जाती है। उनका कहना है कि बागवान सेब की किस्म का चयन भौगोलिक परिस्थिति, भूमि, पानी सहित कई जरूरी परख के बाद करे।