कूड़ादान की व्यवस्था न होने से परेशान लोग, पशु कूड़े को सड़क पर बिखेर रहे
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी भावानगर (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के भावानगर के आरएस कॉलोनी में कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने से स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कॉलोनी के लोगों और भावानगर बाजार के कुछ लोगों की ओर से खुले में कूड़ा फेंका जा रहा है। लोग एक मोड़ से नीचे कूड़ा फेंक रहे हैं, जिससे वहां गंदगी के ढेर लग रहे हैं। कूड़ा खुले में पड़ा रहने के कारण कुत्ते और अन्य पशु उसे सड़क पर बिखेर देते हैं। इससे आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है और लोगों को बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में कूड़ेदान की उचित व्यवस्था न होने के कारण लोगों को मजबूरन खुले में कूड़ा फेंकना पड़ रहा है। यदि समय रहते कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में यह समस्या और गंभीर हो सकती है। खुले में बिखरे कूड़े से राहगीरों और स्थानीय निवासियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि जब तक नया कूड़ा निस्तारण स्थल तैयार नहीं होता, तब तक आरएस कॉलोनी और बाजार में कूड़ा एकत्रित करने के लिए उचित व्यवस्था की जाए ताकि खुले में कूड़ा फेंकने और उससे फैलने वाली गंदगी पर रोक लग सके।
पहले तारंडा डंपिंग स्थल पर कूड़ा फेंका जाता था, लेकिन अब वहां कूड़ा डालना बंद कर दिया गया है। भावानगर में एसजेवीएनएल की ओर से कूड़ा एकत्रित करने के लिए उपलब्ध करवाया गया कूड़ादान भी वापस एसजेवीएनएल में जमा करवा दिया गया है। अब कूड़ा निस्तारण के लिए सतलुज नदी के पास नया स्थल बनाने की योजना है। इसके लिए व्यवस्था की जा रही है। - बलवंत नेगी, प्रधान, सुगरा पंचायत