चौपाल (रोहड़ू)। उपमंडल चौपाल के विभागीय कर्मचारियों के बीच खेली जा रही क्रिकेट प्रतियोगिता का बुधवार को समापन हो गया है। क्रिकेट स्पर्धा के समापन अवसर पर डीएसपी चौपाल वरुण पटियाल ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत कर पारितोषिक वितरण किया।
प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला स्वास्थ्य विभाग और विद्युत बोर्ड के कर्मचारियों के मध्य खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निर्धारित दस ओवर में 108 रन बनाए। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिजली बोर्ड की टीम 92 रन पर ही आल आउट हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने 16 रनों से मैच में जीत हासिल कर प्रतियोगिता की विजेता ट्रॉफी पर कब्जा किया। क्रिकेट स्पर्धा में 12 विभागों की टीमों ने भाग लिया। स्पर्धा का आयोजन विशेष रुप से नशामुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर कनिष्क मेहता को मैन ऑफ दी सीरीज, विशाल शर्मा को बेस्ट बैट्समैन, संजीव बरागटा को बेस्ट बोलर, संतोष शर्मा को बेस्ट फील्डर के खिताब से नवाजा गया। डीएसपी चौपाल वरुण पटियाल ने विजेता टीम को इनाम बांटे।