नोगली (रामपुर बुशहर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दत्तनगर में पांच दिवसीय अंडर-12 छात्र-छात्रा वर्ग की 26वीं जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता रोहड़ू खंड के नाम रही। रोहड़ू खंड ने प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। शनिवार को प्रतियोगिता के समापन समारोह में प्राथमिक शिक्षा संयुक्त निदेशक हितेश आजाद ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया।
जिला स्तरीय खेलकूद स्पर्धाओं में 20 खंडों से पहुंचे 1250 खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। छात्र वर्ग की कबड्डी स्पर्धा में चौपाल ने पहला और टिक्कर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं छात्रा वर्ग में रोहड़ू ने पहला और टिक्कर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। छात्र वर्ग के खो-खो में नेरवा ने पहला और ननखड़ी ने दूसरा स्थान झटका। छात्रा वर्ग में देहा पहले और रोहड़ू दूसरे स्थान पर रहा। छात्र वर्ग के वॉलीबाल में चौपाल पहला और कोटखाई दूसरा, छात्रा वर्ग में टिक्कर पहला और रोहड़ू दूसरा, छात्र वर्ग के बैडमिंटन में रोहड़ू पहला और नेरवा दूसरा, छात्रा में टिक्कर पहला और रोहड़ू दूसरा, छात्र वर्ग के शतरंज में जुब्ब्ल और छात्रा वर्ग में छौहारा ने पहला स्थान झटका।
मार्चपास्ट में ठियोग ने पहला और अनुशासन में मतियाना ने पहला स्थान हासिल किया। वहीं छात्र वर्ग की एथलेटिक्स के 50 और 100 मीटर दौड़ में टिक्कर खंड के विशाल ने पहला स्थान झटका। 200 और 1500 मीटर में रोहड़ू खंड के पुष्कर ने पहला और गोला फैंक में ठियोग के प्रेम ने पहला, लंबी कूद में रामपुर के सुनील, ऊंची कूद में ठियोग के सागर, सर्वश्रेष्ठ एथलीट टिक्कर के विशाल और रोहड़ू के पुष्कर रहे। एथलेटिक्स में ओवरऑल चैंपियन रोहड़ू रहा। टिक्कर और ठियोग दूसरे स्थान पर रहे। छात्रा वर्ग एथलेटिक्स में सरिता ने 50, 100 और 1500 मीटर में पहला स्थान झटका। वहीं 200 मीटर रेस में देहा की अंजू, गोला फेंक में चौपाल की चांदनी, लंबीकूद में टिक्कर की सुनिता, ऊंची कूद में रोहड़ू की रूपा ने पहला स्थान झटका। एथलेटिक्स में टिक्कर की सरिता सर्वश्रेष्ठ छात्रा रही। वहीं सांस्कृतिक गतिविधियों की भाषण प्रतियोगिता में रोहड़ू प्रथम, ठियोग द्वितीय, एकल गान में ठियोग ने पहला और टिक्कर ने दूसरा, समूहगान में सुन्नी ने पहला, जुब्बल ने दूसरा, एकांकी में सुन्नी ने पहला और रोहड़ू ने दूसरा स्थान, लोकनृत्य में रामपुर ने पहला और नेरवा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर जिला प्राथमिक शिक्षा अधिकारी भाग चंद चौहान, प्राथमिक शिक्षा खंड अधिकारी शशि बाला नेगी, अशोक शर्मा, यशवंत खिमटा, कुलदीप मेहता और ललित बदरेल सहित कई अन्य लोग मौजूद रहे।
त्तनगर में आयोजित खेलकूद प्रतियोगिता के विजेताओं का पुरस्कृत करते मुख्यातिथि।- फोटो : RAMPUR-HP