दलाश (कुल्लू)। युवा सेवा एवं खेल विभाग कुल्लू और नोडल क्लब आनी के संयुक्त तत्वाधान में खंड स्तरीय युवा उत्सव का आयोजन 12 नवंबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय च्वाई में होने जा रहा है। इस दौरान लोक गीत, लोक नृत्य, पारंपरिक वाद्य-वादन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। युवा सेवा एवं खेल विभाग की ओर से चयनित खंड नोडल अध्यक्ष टिंकू शर्मा ने बताया कि लोक गीत प्रतिस्पर्धा में अधिकतम 10 प्रतिभागी, लोक नृत्य में 20 प्रतिभागी, वाद्य-वादन में 8 प्रतिभागी भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि लोक गीत की अधिकतम समय अवधि 7 मिनट, लोक नृत्य की समय अवधि 15 मिनट, वाद्य वादन की समय अवधि 10 मिनट रहेगी। इस प्रतियोगिता में 15 से 29 वर्ष के युवा भाग ले सकेंगे। आनी खंड के जो युवा मंडल, शैक्षणिक संस्थान, कंप्यूटर संस्थान के युवा इस प्रतियोगिता में भाग लेना चाहते हैं, वे 11 नवंबर तक अपना नाम राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय च्वाई के प्रधानाचार्य कार्यालय में दे सकते हैं। खंड स्तरीय युवा उत्सव को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में आयोजन को लेकर अंतिम रूप दिया गया। इस मौके पर स्वयंसेवी पंकज कुमार, युवा मंडल प्रधान पिंकू शर्मा, राजेश, रैना, उत्तम राम, प्रकाश चंद, हरीश और चुन्नू सहित अन्य मौजूद रहे।