पुलिस ने चिट्टे के साथ गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर की कार्रवाई
नाइजीरियन को सोलन लेकर पहुंची पुलिस, कोर्ट में पेश करने की तैयारी
पुलिस तीन नाइजीरियन समेत 17 सप्लायरों को कर चुकी है गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पुलिस ने चिट्टे के दो मामलों में गिरफ्तार किए सोलन और शिमला के युवकों की निशानदेही पर दिल्ली से एक नाइजीरियन और लुधियाना से सप्लायर को गिरफ्तार किया है। जिसमें पुलिस नाइजीरियन को लेकर सोलन पहुंच गई है। अब इसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है। एक माह में पुलिस की ओर से चिट्टे के मुख्य सरगना, तीन नाइजीरियन सहित अन्य 17 सप्लायर को गिरफ्तार कर चुकी है। यह आरोपी पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के है। इनके संपर्क में प्रदेश समेत सोलन के युवा है, जोकि चिट्टे का प्रयोग और बेचने का काम करते है। पुलिस इनकी भी तलाश कर रही है।
पुलिस जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी सोलन की टीम ने आरोपी शिवम निवासी बसाल को 5.42 ग्राम चिट्टे के साथ पकड़ा था। यह आरोपी पिछले दो सालों से लगातार चिट्टा की सप्लाई सोलन जिले के स्थानीय युवकों को कर रहा था। पूछताछ के दौरान युवक ने इस खेप को हरियाणा से लाने की बात कही। पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर हरियाणा से सौरव को गिरफ्तार किया। आरोपी स्थायी रूप से उत्तम नगर दिल्ली का है। जिसे पुलिस ने कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया, इस दौरान पुलिस ने जब चिट्टे के संबंध में पूछताछ की तो उसने इस चिट्टे को दिल्ली से एक नाइजीरियन से खरीद करना बताया, पुलिस ने एक टीम गठित कर दिल्ली के लिए रवाना कर दी, जिसमें पुलिस टीम ने दिल्ली से विदेशी नागरिक ओनयका समुल को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने जांच में पाया कि यह आरोपी बिना पासपोर्ट और वीजा के भारत में रह रहा था। पुलिस टीम आरोपी को सोलन लेकर पहुंच गई है। उसे अब कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।
वहीं दूसरे मामले में धर्मपुर पुलिस की टीम ने चिट्टा की तस्करी करने वाले गिरोह के 4 लोगों को गिरफ़्तार किया है। जिसमें दो युवक शिमला और दो लुधियाना के शामिल हैं। जिनसे पुलिस ने 16.10 ग्राम चिट्टा भी बरामद किया है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि लुधियाना के दो आरोपियों को शिमला के युवाओं को चिट्टा की डिलिवरी देनी थी। जिसका आधा भुगतान शिमला के युवकों ने कर दिया था। जबकि अन्य का भुगतान शिमला में चिट्टा बेचने के बाद मुनाफे से देना था। लेकिन इससे पहले ही पुलिस टीम ने इन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं जब पुलिस ने इनसे पूछताछ शुरू की तो उन्होंने लुधियाना से चिट्टा लाने की बात की, जिसमें पुलिस ने लुधियाना पुलिस के साथ मिलकर जॉइंट ऑपरेशन में आरोपी नवप्रीत उर्फ नवी पुत्र बारा सिंह निवासी करनैल नगर जिला लुधियाना पंजाब को गिरफ्तार किया है।
यह आरोपी चिट्टे का एक बड़ा सप्लायर है जो सन् 2016 से चिट्टा की तस्करी कर रहा है जो 2020 में जाब पुलिस ने चिट्टे की तस्करी के केस में गिरफ़्तार भी किया था। इसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में अन्य मुक़दमें भी पंजीकृत हैं जिनकी जांच की जा रही है।
उधर, एसपी सोलन गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि की है, उन्होंने बताया कि सोलन पुलिस द्वारा पिछले लगभग डेढ़ महीने में अभी तक बाहरी राज्यों के 17 सप्लायर जो दिल्ली, पंजाब, हरियाणा आदि राज्यों से है, को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें तीन अफ्रीकी मूल के नाइजीरियन नागरिक भी शामिल है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।