रामपुर/ज्यूरी। बरसात की दस्तक ने रामपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में नदी नालों ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। रविवार देर रात से शुरू हुई भारी बारिश के बाद ब्रौनी खड्ड में बाढ़ आने से झाकड़ी केे पास नेशनल हाईवे-5 सात घंटे तक बाधित रहा। पानी के बहाव से सड़क का काफी बड़ा हिस्सा बह गया है।
नेशनल हाईवे बाधित रहने से रामपुर और किन्नौर की ओर जाने वाले हजारों लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। यातायात ठप होने से एनएच के दोनों किनारे पर वाहनों की लंबी-लंबी कतार लगी रही। इससे लोग घंटों फंसे रहे। सूचना मिलते नेशनल हाईवे प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची और सुबह करीब दस बजे हाईवे को वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल किया।
यातायात बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। ब्रौनी खड्ड में नाला उफान पर आने से सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। नाले का जलस्तर आने वाले दिनों में और बढ़ता है, तो हाईवे के धंसने का खतरा भी बढ़ जाएगा।
नेशनल हाईवे प्राधिकरण रामपुर के एक्सईएन किशोरी लाल सुमन ने बताया कि ब्रौनी नाले में अचानक आई बाढ़ से सड़क को काफी नुकसान हुआ है। प्राधिकरण ने तुरंत बड़ी मशीनों का इंतजाम कर एनएच को दुरुस्त कर दस बजे यातायात के लिए बहाल कर दिया था।