नित्थर (कुल्लू)। उपतहसील नित्थर के तहत आने वाले पड़ौरधार के जंगल में वीरवार सुबह आग भड़क गई। हालांकि, आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। नित्थर बीट के वन रक्षक देविंद्र कुमार के मुताबिक आग इतनी भयंकर थी कि इस पर कड़ी मशक्कत के बाद काबू पाया जा सका। उन्होंने बताया कि जंगल में आग किसने लगाई, इसका पता नहीं चल पाया है।
इस दौरान एक घर भी आग की जद में आ गया था। हालांकि, ग्रामीणों के कड़े प्रयासों के बाद घर को जलने से बचा लिया गया, जबकि घास को जलने से नहीं बचाया जा सका। आग में घास की पचीस से तीस टोलियां जलकर राख हो गई हैं। आग जंगल से बढ़ती हुई लोगों की घासनियों तक पहुंच गई। इसमें उनकी ओर से इकट्ठा किया गया लाखों का घास जलकर राख हो गया। कटाई से लेकर ढुलाई तक सारी मेहनत पर आग ने पानी फेर दिया। लोअर शरटी के युवक मंडल और सभी ग्रामीणों ने आग बुझाने में नित्थर बीट के वन रक्षक देविंद्र और वन कर्मचारी सवारू राम की मदद की। युवक मंडल के सदस्य नीटू, राजीव ठाकुर, अशोक कुमार, पप्पू, राजेश्वर, राजेश, राकेश, बंटी, लोकराज, राजकुमार, अंकुश और अन्य ग्रामीणों ने आग बुझाने में सहयोग दिया।