नगर परिषद रामपुर के वार्ड नंब र 8 से पार्षद पद के लिए नामांकन भरने पहुंचे प्रत्याशी अश्वनी नेगी
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। कोरोना महामारी के दौर में चुनावी बिगुल बजते ही नगर परिषद रामपुर का दंगल भी शुरू हो चुका है। नगर परिषद रामपुर के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया वीरवार से शुरू हो गई है। नामांकन के पहले दिन वार्ड नंबर आठ चूहाबाग रचोली से दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरे हैं।
हालांकि, अन्य किसी भी वार्ड से प्रत्याशी ने चुनावी मैदान में उतरने के लिए नामांकन नहीं भरा है। नामांकन की प्रक्रिया 26 और 28 दिसंबर तक 11 से 3 बजे तक चलेगी। वहीं, 29 दिसंबर को स्क्रूटनी होगी जबकि, 31 दिसंबर को सुबह 10 से 3 बजे तक नामांकन वापस लिए जाएंगे। नगर परिषद के नौ वार्डों के लिए मतदान 10 जनवरी को होगा। मतदाता सुबह 8 से 4 बजे तक मतदान केंद्रों में अपना मत दे सकते हैं। इस बार नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष की कुर्सी महिला के लिए आरक्षित है। नप के नौ वार्डों के 4700 से अधिक मतदाता 10 जनवरी को अपने मत का प्रयोग करेंगे।
उधर, तहसीलदार रामपुर कुलताज सिंह ने बताया कि नगर परिषद के चुनाव के लिए वार्ड नंबर आठ से पहले दिन दो उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र भरा है। वार्ड नंबर आठ चूहाबाग रचोली से पार्षद पद के लिए प्रताप सिंह और अश्वनी नेगी ने नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। नामांकन प्रक्रिया 26 और 28 दिसंबर सुबह 11 से 3 बजे तक चलेगी। इसके बाद कोई भी नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।