. हिरण, बारहसिंघा, भालू, तेंदुए, लंगूर फसलों, फलदार पौधों को पहुंचा रहे नुकसान
विज्ञापन
. बागवानों ने वन विभाग से की कार्रवाई की मांग संवाद न्यूज एजेंसी नित्थर (कुल्लू)। नित्थर क्षेत्र के ऊपरी और निचले इलाकों में जंगली जानवरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जंगली जानवरों की ओर से फसलों और फलदार पौधों को नुकसान पहुंचाए जाने से किसान और बागवान परेशान हैं। हालात यह हैं कि लोगों के लिए खेती और बागवानी करना मुश्किल होता जा रहा है। किसानों और बागवानों को हर साल अपनी मेहनत और पूंजी गंवानी पड़ रही है, लेकिन समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है। क्षेत्र के निचले इलाकों में हिरण और बारहसिंघा किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ये जंगली जानवर दालों समेत अन्य फसलों और फलदार पौधों को बर्बाद कर रहे हैं। वहीं, भालू और तेंदुए की बढ़ती गतिविधियों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। कई बार भालू और तेंदुए रिहायशी इलाकों के आसपास दिखाई दे रहे हैं। इससे सुबह और शाम के समय लोगों को घरों से बाहर निकलने में भी डर सताने लगा है। पालतू पशुओं पर हमले और उनके शिकार की घटनाएं भी लगभग हर सप्ताह सामने आ रही हैं। नित्थर के ऊपरी क्षेत्रों में भी जंगली जानवर बागवानों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। रविवार को लंगूरों ने कई बागवानों के बगीचों में जमकर नुकसान पहुंचाया। इस दौरान बागवान भूपेंद्र चौहान के सेब और प्लम के कई पेड़ों को भारी क्षति पहुंची। बागवानों का कहना है कि फलदार पौधों को तैयार करने में कई वर्षों की मेहनत और काफी धन खर्च होता है, लेकिन जंगली जानवर कुछ ही समय में उनकी पूरी मेहनत बर्बाद कर देते हैं। बागवानों ने सवाल उठाया कि जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान की भरपाई कौन करेगा और क्या वन विभाग प्रभावित किसानों व बागवानों को मुआवजा देगा। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि लंगूरों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण पाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। इसके लिए लंगूरों की नसबंदी की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस समस्या पर अंकुश लगाया जा सके।
जंगलों में आग लगने से जानवरों के आवास प्रभावित हो रहे
वन विभाग नित्थर के रेंज अधिकारी सोहन लाल नेगी ने बताया कि फिलहाल लंगूरों की नसबंदी के लिए विभाग के पास कोई योजना उपलब्ध नहीं है, जबकि बंदरों की नसबंदी की जाती है। जिन क्षेत्रों में जंगली जानवरों का खतरा अधिक है, वहां विभाग की ओर से पिंजरे लगाए जाते हैं। हालांकि, पिंजरे काफी भारी होते हैं, इसलिए इन्हें उन्हीं स्थानों पर पहुंचाना संभव है, जहां सड़क सुविधा और वाहन उपलब्ध हों। लोगों की ओर से आग लगाए जाने के कारण जंगली जानवरों का प्राकृतिक आवास प्रभावित हो रहा है। भोजन और आश्रय की तलाश में ये जानवर रिहायशी इलाकों की ओर रुख कर रहे हैं, जो चिंता का विषय है।