आनी (कुल्लू)। एक सप्ताह पहले आनी की शिल्ली पंचायत के सुमा गांव में तेंदुए ने एक तीन साल की मासूम को मौत के घाट उतार दिया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ऐसे में क्षेत्र के लोगों ने वन विभाग और वाइल्ड लाइफ से तेंदुए को पकड़ने की गुहार लगाई। शोकसंतप्त परिवार को जल्द मुआवजा देने की प्रशासन से मांग उठाई।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चंद्रकेश शर्मा की अध्यक्षता में वीडियो कांफ्रेंस से बैठक का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व युवा कांग्रेस के अध्यक्ष सतपाल ठाकुर, ग्राम पंचायत चवाई के प्रधान तारा चंद, ग्राम पंचायत शिल्ली के प्रधान भगवान दास, ग्राम पंचायत देवटी की प्रधान निशा ठाकुर, पंचायत चबाई के पूर्व प्रधान गुलाब वर्मा, ग्राम पंचायत शिल्ली के पूर्व प्रधान किशोरी लाल, सचिव पूर्ण ठाकुर और मनोहर चौहान ने कहा है कि हाल ही में ग्राम पंचायत शिल्ली में तेंदुए ने इस बच्ची को अपना शिकार बनाया और उसे मौत के घाट उतार दिया।
कांग्रेस पार्टी ने उस परिवार के प्रति अपना शोक व्यक्त किया और परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है। कांग्रेस कमेटी ने निर्णय लिया है कि शोक संतप्त परिवार के घर जाकर यथासंभव मदद करेंगे। कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से मांग उठाई है कि इस तेंदुए को जल्द पकड़ कर चिड़िया घर भेजा जाए। प्रशासन से मांग उठाई है कि प्रभावित परिवार को विभाग की ओर से जो मुआवजा राशि मिलेगी, उसकी कागजी प्रक्रिया स्वयं करें क्योंकि कोरोना की वजह से परिवार के सदस्य आने-जाने में असमर्थ हैं।