मुनिश में ओलावृष्टि से सेब के फसल को हुआ नुकसान।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। रामपुर उपमंडल के सेब बहुल इलाकों में ओलावृष्टि का दौर खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन ओलावृष्टि होने से बागवानों की सालभर की कमाई मिट्टी में मिल गई है।
रामपुर उपमंडल की मुनीश पंचायत में ओलावृष्टि ने भारी तबाही मचाई। इसके अलावा दारण और आसपास के क्षेत्रों में भी ओलावृष्टि हुई। मंगलवार को लबाना सदाना में भी ओलावृष्टि हुई, जबकि कुछ रोज पहले ननखड़ी की 7 पंचायतों में ओलावृष्टि हुई है। सेब और अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। बागवानों सरोजनी ठाकुर, सुरेश, भजन दास, सुरजीत, पदम सिंह, भगत सिंह, राकेश, तिलक और सुरेश ने बताया कि ओलावृष्टि से सेब की फसल तबाह हो गई है। उन्होंने प्रदेश सरकार और बागवानी विभाग से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का मुआयना कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।