ननखड़ी में आयोजित ठारू मेले के दौरान दो भाइयों का हुआ मिलन। संवाद
ऐतिहासिक ठारू मेले में ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूमे लोग
देवता पल्थान शोली और पल्थान देलठ ने बढ़ाई मेले की शोभा
संवाद न्यूज एजेंसी
ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। तहसील ननखड़ी की करांगला पंचायत के ठारू में धूमधाम से मेला मनाया गया। ऐतिहासिक एवं प्राचीन मेले में पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर नाटियों का दौर चला। मेले में दूर-दूर से हजारों लोगों ने भाग लिया और देवता साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
गौर हो कि ठारू मेले का आयोजन सदियों से किया जा रहा है। इस मेले में दो भाइयों का मिलन साल में एक बार होता है। मेले में देवता पल्थान शोली और देवता पल्थान देलठ ने शिरकत कर मेले की शोभा बढ़ाई। मेले को देखने हजारों लोग पहुंचे और मेले का आनंद लिया। दिनभर ढोल-नगाड़ों की थाप पर ग्रामीण खूब झूमे। इस दौरान नाटियों का दौर चला। क्षेत्र के लोगों ने देवता पल्थान के समक्ष शीश नवाया और आशीर्वाद लिया। क्षेत्र में सुख-समृद्धि की कामना की। ननखड़ी, नावर और बाघी क्षेत्र के लोगों ने मेले में भाग लिया। मंदिर कमेटी के सदस्य भूपेंद्र सिंह ने कहा कि ठारू मेला दशकों से मनाया जा रहा है। आधुनिकता के दौर में भी ग्रामीणों ने अपनी संस्कृति को संजोए रखा है। मेले हमारी समृद्ध संस्कृति के परिचायक हैं। दो भाईयों के सानिध्य में मेला धूमधाम से मनाया गया और लोगों ने देवता साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस मौके पर अखिल मेहता, बिजा नंद, गोवर्धन सिंह, हीरा सिंह, हरदयाल सिंह, पवन कुमार, रवि कुमार, दयाल सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।