रामपुर बुशहर। 11 से 14 मार्च तक रामपुर में आयोजित होने वाले जिलास्तरीय फाग मेले में करीब सौ स्टॉल सजेंगे। नगर परिषद की ओर से आयोजित किए जाने वाले मेले के आयोजन को लेकर होने वाली प्लॉट आवंटन प्रक्रिया संपन्न हो गई है। बीते वर्ष के मुकाबले इस वर्ष स्टॉल के किराये में नगर परिषद ने दस फीसदी की बढ़ोतरी की है।
इस वर्ष जिलास्तरीय फाग मेले में करीब सौ स्टॉल सजेंगे। इसके अलावा चारपाई सजाने वालों की अभी संख्या तय नहीं हो पाई है। मुख्य बाजार के बड़ा अखाड़ा से लेकर पुराने बस अड्डे तक नेशनल हाईवे पांच के दोनों ओर दुकानें सजेंगी। स्टॉल आवंटन को लेकर शुक्रवार को नप ने प्रक्रिया शुरू कर दी। स्टॉल का किराया जहां पांच से छह हजार रुपये तय किया गया है, वहीं इस वर्ष किराये में नगर परिषद ने 10 प्रतिशत की वृद्धि की है।
फाग मेले के इतिहास में ऐसा पहली बार है, जब एक साथ मेले में किन्नौर, शिमला और कुल्लू जिले के 20 देवी-देवता शिरकत करेंगे। देव मिलन को लेकर क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। 11 मार्च को नगर परिषद के पार्षद एवं मेला कमेटी सदस्य पद्म पैलेस के मुख्यद्वार पर मेले में आए देवी देवताओं का स्वागत करेंगे। 12 को देवताओं की शोभायात्रा रामपुर बाजार होकर मेला मैदान तक निकाली जाएगी। दरबार मैदान में नाटियों का दौर 13 मार्च को भी जारी रहेगा। वहीं, 14 को देवताओं की शोभायात्रा के बाद मेला मैदान में नगर परिषद के पार्षद देवताओं को नजराना राशि देकर विदाई देंगे।
नप के अधिकारी बाला राम ने बताया कि फाग मेले के आयोजन को लेकर करीब सौ स्टॉल आवंटित किए हैं। प्लॉट आवंटन प्रक्रिया अब समाप्त हो गई है। स्टॉल के अलावा सजने वाली दुकानों के लिए आवंटन प्रक्रिया मेले से एक दो दिन पूर्व आयोजित होगी।