ननखड़ी (रामपुर बुशहर)। फेसबुक पर दोस्त बनाने के बाद महिला को अगवा करके दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। यह घटना रामपुर के ननखड़ी क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना ननखडी से मिली जानकारी के अनुसार ननखड़ी क्षेत्र की महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि बीत दो सितंबर को एक बजे कुगलबाल्टी में आई थी। इसी दौरान उसके फेसबुक मित्र ने उसके साथ मुलाकात की और उसका अपहरण कर दिया। इसके बाद उससे दुष्कर्म किया गया।
महिला का आरोप है कि फेसबुक दोस्त के अलावा आरोपी के बडे़ भाई और साले ने उससे दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि अगर उसने यह बात किसी को बताई तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।
पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 363, 366, 344, 376, 354 और 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पुष्टि करते हुए थाना प्रभारी चमनलाल नेगी ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।