रिकांगपिओ(किन्नौर)। रिकांगपिओ कॉलेज में रविवार को आयोजित पुलिस कांस्टेबल भर्ती की लिखित परीक्षा में 197 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 6 अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। रिकांगपिओ स्थित परीक्षा केंद्र में 203 अभ्यर्थियों के लिए लिखित परीक्षा आयोजित की गई थी। बीते माह परीक्षा के दौरान गड़बड़ियां होने के चलते फिर से आयोजित इस परीक्षा को सफलतापूर्वक निपटाने के लिए पुलिस ने पुख्ता प्रबंध कर रखे थे।
रविवार को आयोजित पुलिस कांस्टेबल की भर्ती में कोई अनहोनी न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे प्रबंध कर रखे थे। परीक्षा करवाने को पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को चार चरणों में बांटा था। प्रथम चरण में डिग्री कॉलेज के प्रवेश द्वार पर 6 पुलिसकर्मी, जिनमें 3 महिला पुलिसकर्मी हैंड मेटल डिटेक्टर से आने वाले अभ्यर्थियों की जांच कर रही थी। यही नहीं पुलिस ने अभ्यर्थियों के जूतों को भी उतार कर जांच की। इसके बाद एडमिट कार्ड के साथ या तो आधार कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस या फिर पहचान पत्र और फोटो के साथ मिलान किया। कॉलेज के मुख्य द्वार पर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह की अध्यक्षता में 8 पुलिस जवानों के साथ 4 महिला पुलिस पुलिस कर्मी जांच पड़ताल में जुटी रही।
लिखित परीक्षा केंद्र के कमरों में डीएसपी हेडक्वार्टर विपिन कुमार की अध्यक्षता में एडमिट कार्ड की फिर से जांच की गई। अभ्यर्थियों को अपने रोल नंबर के अनुसार कमरे में जाने के निर्देश दिए गए। 6 लिखित परीक्षा केंद्र में जैमर लगाए गए थे, ताकि कोई गलत काम करते हुए पकड़ा जा सके।
रविवार सुबह 10:30 बजे विपिन कुमार के साथ दो पुलिस कर्मी बंदूक के साथ प्रश्न पत्रों को सीलबंद डिब्बे में लेकर परीक्षा केंद्र पहुंचे। एसपी किन्नौर ने सुबह 11:00 बजे परीक्षा केंद्र में पहुंचकर सारी व्यवस्था को स्वयं जांचा। 12:00 बजे कॉलेज में सायरन बजते ही परीक्षा शुरू हुई, जो एक बजे तक चली।
जिला किन्नौर पुलिस अधीक्षक एसआर राणा ने कहा कि इस परीक्षा में 197 अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि 6 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में किसी तरह की कोई गड़बड़ी नहीं पाई गई। शांतिपूर्ण तरीके से लिखित परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा के आयोजन को लेकर पुलिस ने पुख्ता इंतजाम कर रखे थे।