नोगली(रामपुर बुशहर)। रानी रतन कुमारी राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नोगली में खंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में खंड स्तर से पहुंचे सात स्कूलों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। युवा संसद के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने देश के ज्वलंत मुद्दों को उठाया, जिसे दर्शकों और मुख्यातिथि ने खूब सराहा।
खंड स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य कृष्ण सिंह नेगी बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। उन्होंने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। स्कूल की प्रधानाचार्य जयंती धीमान ने मुख्यातिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया। राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर युवा संसद में पहुंचे विद्यार्थियों ने अपने-अपने पक्ष रखे और तीखे सवाल-जवाब किए। सात स्कूलों से आए प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का खूब प्रदर्शन किया, जिसे मुख्यातिथि और मौजूद लोगों ने खूब सराहा।
मुख्यातिथि कृष्ण सिंह नेगी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। युवा संसद प्रतियोगिता में नोगली स्कूल के प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम और रामपुर कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। मुख्यातिथि ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष देविंद्र मेहता ने विजेता प्रतिभागियों को जीत पर बधाई दी। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सर्वपल्ली राधाकृष्णन और बुशहर बीएड संस्थान से आए प्रशिक्षुओं ने भी अपना योगदान दिया। इस मौके पर वरिष्ठ अध्यापक संजय शर्मा, बलवंत ठाकुर, रंजीत ठाकुर, विशंबर भारद्वाज, विरेंद्र नेगी, प्रमोद, दीपा, कंचन, शैली, प्रतिभा, सुनंदा सूद, संजय बदरेल सहित अन्य मौजूद रहे।