रामपुर बुशहर। पंचायतीराज संस्थाओं में घोटाले और धांधलियों के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। निरमंड विकास खंड की भालसी पंचायत के ग्रामीणों ने पंचायत प्रधान पर सरकारी धन का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और पंचायतीराज मंत्री वीरेंद्र कंवर से पंचायत के विकास कार्यों में की गई धांधलियों की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रेस को जारी बयान में भालसी पंचायत निवासी श्याम दास, कविता देवी, शकुंतला देवी, सेना देवी, रीना देवी, धर्मदासी, नानकी, रेवता देवी, कुंता देवी, शांता देवी और तारामणी ने आरोप लगाया कि पंचायत में देवता चंभू की ठहरी के निर्माण के लिए डेढ़ लाख रुपये की राशि दिसबंर 2016 में मंजूर हुई थी। इस कार्य में सामग्री पर व्यय 46,200 रुपये, मजदूरी का खर्च 91 हजार 116 रुपये दर्शाया गया है। यह कुल मिलाकर 1 लाख 41 हजार 540 रुपये बनता है। इस कार्य की समाप्ति दिनांक 21 फरवरी 2017 को दर्शाई गई है, जबकि मौके पर कार्य हुआ ही नहीं है। इस संबंध में 8 सितंबर को ग्रामीण खंड विकास अधिकारी निरमंड से भी मिले। ग्रामीणों ने कहा कि खंड विकास अधिकारी से शिकायत के बाद ही पंचायत प्रधान ने इस ठहरी का कार्य शुरू करवाया है। वहीं, पंचायत में फ्लड कंट्रोल के कार्य को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यह कार्य व्यक्ति विशेष का करवाया जा रहा है। पंचायत में श्मशानघाट का कार्य भी मनरेगा के तहत होना था, जो केवल क्रेट वॉल लगाकर ही पूरा कर लिया गया है, जबकि यहां श्मशानघाट का निर्माण किया जाना था। उन्होंने वार्ड 7 की वार्ड पंच पर मस्टररोल में फर्जी हाजिरी लगाने के भी आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि वार्ड के अधिकतर कार्य स्वीकृत स्थान की जगह अन्य जगह करवाए जा रहे हैं, जो प्रधान की लापरवाही के चलते हो रहे हैं।
बीडीओ निरमंड प्रिया नागटा ने बताया कि ग्रामीणों की शिकायत उन्हें मिली है। देवता चंभू ठहरी निर्माण कार्य की जांच चल रही है। अगले सप्ताह मौके पर जाकर जायजा लिया जाएगा। अन्य कार्यों में जांच कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
क्या कहते हैं पंचायत प्रधान
पंचायत प्रधान विदेश निगम ने बताया कि उन पर लगाए जा रहे सभी आरोप निराधार हैं। वार्डों में हुए कार्य वार्ड सदस्यों की निगरानी में हुए हैं। श्याम दास पूर्व में वार्ड सदस्य रह चुके हैं और उनके कार्यकाल में हुए विकास कार्यों की जांच की जाए। उन्होंने सामुदायिक भवन भालसी, कटराह से भाटकी कूहल और मुख्यमंत्री ग्राम आदर्श योजना के तहत भूसंरक्षण विभाग की ओर से टैंक बनाने के लिए जारी किए गए बजट का दुरुपयोग किया है, जिसकी निष्पक्ष जांच की जाए। कहा कि अच्छा होता कि शिकायतकर्ता समाज हित के मुद्दों को लेकर शिकायत करता।