भारी बारिश और अंधड़ के कारण कई स्थानों पर लाइनें क्षतिग्रस्त
विद्युत आपूर्ति की बहाली में जुटे हैं बिजली बोर्ड के कर्मचारी
संवाद न्यूज एजेंसी
सांगला (किन्नौर)। जनजातीय जिला किन्नौर के पूह खंड में दो दिन से विद्युत आपूर्ति ठप होने से हजारों लोग परेशान हैं। रविवार को भारी बारिश और अंधड़ के कारण बिजली की लाइनें कई जगह क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इस कारण पूह खंड की करीब 11 पंचायतों में बिजली नहीं है। पूह से खाब के बीच जगह-जगह लाइनों के क्षतिग्रस्त होने से दूसरे दिन भी विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। हालांकि, बिजली बोर्ड के कर्मचारी विद्युत आपूर्ति को बहाल करने में जुटे हुए हैं। बिजली आपूर्ति ठप होने से पूह खंड की रोपा, ज्ञाबुंग, सुनम, कुनोचारंग, नमज्ञा, लियो, हांगो, चुलिंग, चांगो, शलखर और सुमरा पंचायत के हजारों लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूली बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और लोगों के रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष पूह सुभाष छोरगया, जिला परिषद सदस्य पूह वार्ड से शांता नेगी, जिला परिषद मूरंग वार्ड बिमला देवी नेगी, बीडीसी अध्यक्षा पूह जयलक्ष्मी नेगी, प्रधान ज्ञाबुंग पंचायत ज्ञान सिंह नेगी सहित अन्य लोगों ने कहा कि रविवार शाम करीब 4:00 बजे से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। विद्युत आपूर्ति न होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बोर्ड से शीघ्र बिजली बहाल करने की मांग उठाई है।
बारिश और अंधड़ के कारण जगह जगह विद्युत लाइनों को क्षति पहुंची है। बिजली बहाली का कार्य जोरो पर है। जल्द ही बाधित विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
- टाशी नेगी, एक्सईएन, विद्युत बोर्ड रिकांगपिओ
- संवाद