बिना बिजली दूरदराज के इलाकाें के ग्रामीण झेल रहे दिक्कतें
भारी बर्फबारी के कारण विद्युत आपूर्ति बहाल करना बना चुनौती
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। डोडरा क्वार उपमंडल के तहत जाखा, पंडार, धारा गांव में बीते दस दिन से विद्युत आपूर्ति ठप पड़ी है। बिना बिजली ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं। तीन गांवों को बिजली सप्लाई करने वाले ट्रांसफार्मर को अभी चालू नहीं किया जा सका है। हालांकि विद्युत बोर्ड के कर्मचारी चांशल घाटी होते हुए आ रही विद्युत लाइन को दुरुस्त करने में लगे हुए हैं।
जनवरी में हुई भारी बर्फबारी के कारण डोडरा क्वार क्षेत्र में बिजली सेवाएं ठप हो गई थीं। विद्युत बोर्ड ने कड़ी मशक्कत के बाद डोडरा क्वार उपमंडल मुख्यालय तक तो बिजली बहाल कर दी है, लेकिन अभी भी दूरदराज के तीन गांव ऐसे हैं, जहां विद्युत आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इन गांव में सौ से अधिक घर हैं। सर्दियों के मौसम में बिना बिजली के ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली के अभाव में ग्रामीणों के रोजमर्रा के कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीण रातें बिना बिजली के गुजार रहे हैं। घरों में रखे बिजली के उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। दस दिन से ग्रामीण विद्युत आपूर्ति बहाल होने की आस लगाए हुए हैं, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण विद्युत बोर्ड को आपूर्ति बहाल करना चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। ग्रामीणाें ने विद्युत बोर्ड प्रबंधन से जल्द विद्युत आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता जीडी शर्मा ने बताया कि डोडरा क्वार क्षेत्र के लिए चांशल घाटी होते हुए बिजली की लाइन जाती है। चांशल घाटी में बर्फबारी काफी अधिक हुई है, जिसके चलते विद्युत आपूर्ति बहाल करना मुश्किल बना हुआ है। कठिन परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारी रोजाना बिजली सेवाएं बहाल करने में जुटे हुए हैं।