सांगला(किन्नौर)। शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बर्फबारी और बारिश जहां किसान-बागवानों के लिए खुशी लेकर आई। वहीं कई ग्रामीणों के लिए आफत बन गई। शनिवार दोपहर तक हुई बर्फबारी से किन्नौर जिले के बोनिंग सारिंग से छितकुल के बीच विद्युत लाइनों में तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते शनिवार सुबह करीब सात बजे से बत्ती गुल हो गई और शाम चार बजे के करीब विद्युत आपूर्ति बहाल हो सकी। ऐसे में 9 घंटे हजारों ग्रामीणों को कड़ाके की ठंड में ठिठुरना पड़ा।
सांगला वैली की थैमगारंग बोनिंग सारिंग, बटसेरी, रक्षम और छितकुल चार ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीणों को बत्ती गुल होने से खासी परेशानियां उठानी पड़ी। सांगला वैली के सुरजीत नेगी, महेंद्र नेगी, दीपक नेगी, दिव्या नेगी, राजेश नेगी, कुलदीप नेगी, प्रदीप नेगी, सनम नेगी, अंजू नेगी, मीनाक्षी नेगी और राधिका नेगी ने कहा कि उन्हें काफी दिक्कतें पेश आई। हालांकि विद्युत बोर्ड के अधिकारी और कर्मचारी बर्फबारी के बीच भी पूरा दिन लाइनों को दुरुस्त करने में जुटे रहे और शाम करीब चार बजे बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। विद्युत बोर्ड सांगला के एसडीओ सुधीर नेगी ने कहा कि बर्फबारी के कारण लाइनों में तकनीकी खराबी पेश आई थी। नेगी ने कहा कि बोनिंग सारिंग से रक्षम के बीच लाइनों के आई तकनीकी खराबी को दुरुस्त कर दिया है। करीब चार बजे बिजली आपूर्ति सुचारु की गई।