15 दिन से बिजली की लचर सेवाओं से जूझ रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। जुब्बल की बढ़ाल पंचायत के आधा दर्जन गांलों में लोग अघोषित बिजली कटों से परेशान हैं। 15 दिन से यह सिलसिला चल रहा है, जिससे लोगों के काम प्रभावित हो रहे हैं। बढ़ाल पंचायत के सरोट, लाइका, बौली, बधावली, दोछी में 15 दिन से लोग बिजली की लचर सेवाओं से परेशान हैं। दिनभर कई कट लगते हैं। कई बार तो दिनभर बिजली गुल रहती है। स्थानीय लोग बिजली बोर्ड के अधिकारियों से समस्या के समाधान की मांग उठा चुके हैं। इसके बावजूद बिजली के अघोषित कटों का सिलसिला जारी है। वहीं, स्थानीय लोगों में रोष है। स्थानीय निवासी अश्वनी ठाकुर, दलीप मलोकटा, सुरेश मासटा, चंदन मलोकटा और सुरेंद्र ने बताया कि 15 दिन से लोग बिजली कटों से जूझ रहे हैं। बिजली कटों के कारण लोगों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने मांग उठाई कि बिजली सेवाएं सुचारु रूप से बहाल की जाए।
लाइन में फाल्ट आने से दिक्कत
बिजली लाइन में फाल्ट आने का कारण दिक्कतें आ रही थीं। फाल्ट को ठीक कर दिया गया है। अब बिजली सुचारु रूप से चलेगी।
-विक्रांत शर्मा, सहायक अभियंता बिजली बोर्ड