उपायुक्त ने भारी बर्फबारी के चलते घोषित किया अवकाश
बर्फबारी से सड़कें भी बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू)। बर्फबारी के कारण छात्रों की सुरक्षा और सड़कों के बंद होने के कारण शनिवार को आनी और निरमंड उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान बंद रहे। जिला प्रशासन ने भारी बर्फबारी और बारिश को देखते हुए शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के निर्देश शुक्रवार देर शाम को जारी किए थे।
भारी बर्फबारी के कारण आनी और निरमंड के अधिकांश ग्रामीण रूट ठप हो गए। इसे देखते हुए शनिवार को क्षेत्र के सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थान बंद रहे। उपायुक्त कुल्लू ने बर्फबारी और सड़कों के बाधित होने के चलते आनी और निरमंड में शनिवार को अवकाश घोषित किया। उपमंडलों में भारी वर्षा और बर्फबारी को देखते हुए सभी शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे।
उपायुक्त तोरुल एस. रवीश ने आनी और निरमंड उपमंडल के सभी शिक्षण संस्थान, विद्यालय, आईटीआई, आंगनबाड़ी केंद्र, महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग और फार्मेसी महाविद्यालय को शनिवार को बंद रखने का फरमान जारी किया गया। इस संबंध में सभी अधिकारियों को विद्यार्थियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त उपाय करने के निर्देश भी दिए गए।
शुक्रवार देर शाम को जारी अधिसूचना के कारण कई क्षेत्रों में स्कूलों में सुबह के समय छात्र-छात्राएं पहुंचे, जिन्हें बाद में अवकाश प्रदान किया गया।