ठियोग (रामपुर बुशहर)। ठियोग नगर परिषद क्षेत्र में अब शहरों की तर्ज पर आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। प्रदेश सरकार ने नगर परिषद ठियोग को बाजार और आसपास के क्षेत्रों के लिए छह ई-रिक्शा चलाने के परमिट प्रदान किए हैं। इस निर्णय से जहां आम लोगों को सुविधाजनक और किफायती परिवहन विकल्प मिलेगा, वहीं क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के नए अवसर भी प्राप्त होंगे। नगर परिषद ने शहर के अंदर और बाहरी क्षेत्रों में छह रूटों पर ई-रिक्शा चलाने की योजना तैयार कर ली है। इन रूटों पर ई-रिक्शा शुरू होने से ठियोग के मुख्य बाजार, मिनी स्टैंड, नए बस स्टैंड और आसपास के मोहल्लों में लोगों की आवागमन समस्याओं का समाधान होने की उम्मीद है। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं, विद्यार्थियों और रोजाना बाजार आने-जाने वालों को बड़ा लाभ मिलेगा। कुछ समय से स्थानीय लोग ई-रिक्शा सुविधा की मांग कर रहे थे। ढलान वाले क्षेत्रों से बाजार तक पहुंचने में लोगों को काफी कठिनाइयां झेलनी पड़ती थीं। ई-रिक्शा सेवा शुरू होने के बाद इन समस्याओं में काफी कमी आएगी और छोटी दूरी के सफर के लिए यह सबसे आसान विकल्प साबित होगा।
20 किलोमीटर की सीमा में चलेंगे ई-रिक्शा
सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार ई-रिक्शा केवल उपमंडल मुख्यालय से 20 किलोमीटर की सीमा के भीतर ही चल पाएंगे। निर्धारित सीमा से बाहर ले जाने पर कार्रवाई की जाएगी। यह नियम ई-रिक्शा संचालन को नियंत्रित रखने और सुरक्षा मानकों का पालन करवाने के उद्देश्य से लागू किया गया है।
विज्ञापन
पर्यावरण संरक्षण और भीड़ नियंत्रण में मददगार
ई-रिक्शा इलेक्ट्रिक वाहन होने के कारण प्रदूषण रहित हैं। इनकी शुरुआत से ठियोग में बढ़ते वाहनों और ट्रैफिक दबाव को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। बाजार क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या कम होगी और लोगों को छोटी दूरी के लिए निजी वाहन इस्तेमाल नहीं करने पड़ेंगे।
ई-रिक्शा संचालन से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। नगर परिषद प्रशासन युवाओं को ई-रिक्शा चलाने का प्रशिक्षण और आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान करेगा। परिषद का दावा है कि उचित प्रबंधन के साथ यह सेवा लंबे समय तक लाभदायक सिद्ध होगी।