सराहन राजदरबार में पांच अक्तूबर से सजेगा जिला स्तरीय दशहरा मेला
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर बुशहर। सराहन में मनाए जाने वाले दशहरा पर्व के लिए इस बार क्षेत्र के 19 देवी-देवताओं को निमंत्रण दिया गया है। पांच अक्तूबर से मनाए जाने वाले जिलास्तरीय दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर मां भीमाकाली न्यास ने बैठक का आयोजन किया। इसकी अध्यक्षता एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने की। इसमें मेले के आयोजन को लेकर विस्तार से चरचा की गई। मेले में पांच अक्तूबर को भगवान रघुनाथ की रथयात्रा निकाली जाएगी।
इससे पूर्व क्षेत्र के विभिन्न देवी-देवता मां भीमाकाली का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। शाम 4:00 बजे भगवान रघुनाथ की रथयात्रा में देवी-देवता शामिल होंगे। इसके साथ ही दशहरा मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। भगवान रघुनाथ की रथयात्रा भीमाकाली मंदिर से शुरू होगी और दरबार स्थित मेला मैदान तक पहुंचेगी। इस दौरान चार दिन तक भगवान रघुनाथ यहां स्थित हनुमान मंदिर में ठहरेंगे। सराहन में सदियों से आयोजित हो रहे दशहरा मेले को लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी आस्था है।
सांस्कृतिक संध्याओं लोक कलाकार मचाएंगे धमाल
मेले के दौरान दो दिन सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें लोक कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। राज दरबार स्थित मेला मैदान में पांच से आठ अक्तूबर तक नाटियों का भी खूब दौर चलेगा। इस मौके पर पारंपरिक वाद्य यंत्रों की प्रतियोगिता भी आयोजित होगी।
आठ अक्तूबर को भगवान रघुनाथ की रथयात्रा वापस अपने निवास स्थान पर पहुंचेगी। इसके साथ मेले का विधिवत समापन होगा। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुख्ता इंतजाम रहेंगे। इस दौरान पुलिस और होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जाएगा।
मां भीमाकाली मंदिर न्यास के अध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन ने बताया कि पांच से आठ अक्तूबर तक सराहन में जिलास्तरीय दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के आयोजन को लेकर सभी विभागों को व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर न्यास के कार्यकारी अधिकारी बीआर नेगी, नायब तहसीलदार सराहन, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, विभागों के अधिकारी और मंदिर न्यास के पदाधिकारी मौजूद रहे।