. 10 मार्च को पुलिस बल मिलने पर कब्जे हटाएगा प्राधिकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहड़ू। राष्ट्रीय राजमार्ग-707 पर सनैल से हाटकोटी के बीच सड़क पर किए कब्जे को हटाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की टीम शुक्रवार को पहुंची, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल नहीं मिलने से कार्रवाई नहीं कर सकी। पुलिस विभाग की ओर सेे टीम की मदद के लिए दो ही जवान भेज गए। अब एनएचएआई ने कब्जाधारकों को 9 मार्च तक अतिक्रमण हटाने का समय दिया है। जुब्बल उपमंडल के अंतर्गत हाटकोटी से सनैल हाईवे पर कब्जे छोड़ने के लिए लोगों को 5 मार्च तक का समय दिया गया था। नोटिस का समय पूरा होने पर शुक्रवार को एनएच-707 के अधिकारी कब्जा हटाने सावड़ा बाजार में मशीनें लेकर पहुंचे, लेकिन पुलिस विभाग की ओर से मात्र दो जवान ही भेजे गए। दो जवानों के सहारे अतिक्रमण हटाने की मुहीम चलाई सकी। विभाग को मजबूरन लोगों को कब्जा हटाने के लिए अतिरिक्त समय देना पड़ा। अब विभाग ने लोगों को 9 मार्च तक का समय दिया है। 10 मार्च से विभाग जबरन कब्जे हटाएगा। कब्जे हटाने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने प्रशासन से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर तैनात करने का आग्रह किया था। इस बारे में प्रशासन को पत्र भी सौंपा था, लेकिन शुक्रवार को जब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर कब्जा हटाने गए, तो उनके साथ मात्र दो पुलिस के जवान ही आए। दो पुलिस जवानों के सहारे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करना विभाग के लिए मुश्किल हो गया, जिसे देखते हुए विभाग ने लोगों को अतिरिक्त समय दे दिया। सड़क की जद में आए करीब 30 मकान ऐसे हैं, जिन्हें आंशिक रूप से तोड़ा जाना है। एचएचएआई ने कब्जाधारकों से सख्ती से निपटने का फैसला तो लिया है, लेकिन स्थानीय प्रशासन और पुलिस के सहयोग के बिना यह संभव नहीं है।
शुक्रवार को स्वयं कब्जों के हटाने टीम के साथ गए थे, लेकिन पुलिस विभाग की ओर से मात्र दो जवान ही वहां आए। कब्जे हटाने की मुहीम के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की जरूरत है। इस संबंध में प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों को लिखा गया है। लोगों को कब्जा स्वयं छोड़ने के लिए 9 मार्च तक का समय दिया गया है। 10 मार्च से पुलिस बल की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया जाएगा।
शिव वर्धन, सहायक अभियंता, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण