कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। नेशनल हाईवे पांच पर बिथल में पुलिस ने रविवार सुबह तीन युवकों को 26 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस थाना कुमारसैन से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5:30 बजे पुलिस बिथल में गश्त कर रही थी। बिथल के साथ पेट्रोल पंप पर पुलिस गश्त और अवैध खनन की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शिमला की ओर से एक आल्टो 800 कार नंबर एच 06बी1156 को जब तलाशी के लिए रोका गया तो इसमें सवार तीन युवक बुरी तरह से घबरा गए। पुलिस को शक हुआ तो उन्होंने पूरी कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार के डेशबोर्ड में प्लास्टिक की थैली में पुलिस को अधिक मात्रा में चिट्टे की खेप मिली। कार में चालक विजय सिंह, पुत्र सतविंद्र सिंह, गांव पदम नगर पिप्टी डाकघर और तहसील रामपुर, जय प्रकाश, पुत्र काना राम, गांव मुनिष, डाकघर मुनिष बाहली, तहसील रामपुर और मंजीत, पुत्र सुनील गांव और डाकघर थैली चकटी, तहसील ननखड़ी सवार थे। तीनों युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस तीनों युवकों से पूछताछ कर रही है।
डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि पुलिस ने 26 ग्राम चिट्टे के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की पूछताछ के दौरान तीनों युवक हड़बड़ा गए और कोई संतोषजनक जवाब न दे पाए, शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी लेने पर उससे चिट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। नशे के काले कारोबार में जुटे लोगों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई अमल में ला रही है।