विकास खंड रामपुर खर्च करेगा एक करोड़ रुपये, जल शक्ति विभाग जल्द शुरू करेगा काम
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी रामपुर बुशहर। विकास खंड रामपुर की पंचायतों में पेयजल समस्याओं को दूर करने की योजना बन रही है। योजना के तहत नई पेयजल योजनाओं और पुरानी योजनाओं में आवश्यक सुधार कार्य किए जाएंगे। जल शक्ति विभाग जल्द इन योजनाओं पर कार्य शुरू करेगा। वहीं, पेयजल समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति होगी। विकास खंड रामपुर के तहत 36 पंचायतें आती हैं। क्षेत्र की कई पंचायतों के गांव पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। सबसे अधिक परेशानी गर्मियों में आती हैं। ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर प्राकृतिक स्रोतों से पानी ढोकर लाना पड़ता है। खासकर, विकास खंड के तहत आने वाली नोगवैली की डंसा, लालसा, भड़ावली समेत कई पंचायतों के गांवों में पेयजल किल्लत रहती है। अब योजना के तहत पंचायतों में बैठकें कर नई पेयजल योजनाओं के निर्माण और पुरानी योजनाओं में आवश्यक सुधार के लिए रूपरेखा बनाई जाएगी। विकास खंड कार्यालय रामपुर सरकार से योजनाओं के लिए प्राप्त हुई राशि से करीब एक करोड़ रुपये व्यय करेगा, जिससे पेयजल समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा। जल्द ही विकास खंड रामपुर जल शक्ति विभाग को बजट जारी करेगा और जल शक्ति विभाग योजनाओं पर कार्य शुरू करेगा। इस योजना के सिरे चढ़ने से ग्रामीणों को सुचारु और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति की जाएगी। हजारों ग्रामीणों को जल्द ही पेयजल किल्लत से निजात मिलेगी।
पंचायतों की पेयजल समस्याओं का जल्द ही निपटारा किया जाएगा। ग्रामीणों को पर्याप्त पेयजल आपूर्ति के लिए विभाग करीब एक करोड़ रुपये की राशि खर्च करेगा। जल्द ही यह राशि जल शक्ति विभाग को सुपुर्द की जाएगी और विभाग नई पेयजल योजनाओं का निर्माण और पुरानी पेयजल योजनाओं का जीर्णोद्धार करेगा।राजेंद्र नेगी, खंड विकास अधिकारी रामपुर