वार्ड नंबर तीन से शुरू हुई मुहिम, क्षतिग्रस्त नालियों की मरम्मत भी करवाएगी नगर पंचायत
विज्ञापन
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नेरवा (रोहड़ू)।
नगर पंचायत नेरवा ने बाजार और रिहायशी क्षेत्रों में लंबे समय से मलबे और कचरे से अवरुद्ध पड़ीं नालियों की सफाई के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। अभियान की शुरुआत बाजार के वार्ड नंबर-तीन से की गई। सफाई कर्मचारियों ने सुरक्षा उपकरणों मास्क और दस्तानों के साथ नालियों में उतरकर वर्षों से जमा कीचड़, प्लास्टिक और अन्य कचरे को बाहर निकाला। वार्ड पार्षद अमन सूद भी मौके पर मौजूद रहे और सफाई कार्य की निगरानी की। नेरवा बाजार की नालियां लंबे समय से अवरुद्ध होने के कारण स्थानीय लोगों और दुकानदारों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। हल्की बारिश होने पर ही नालियों का गंदा पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों और दुकानों के आगे जमा हो जाता था। इससे उठने वाली दुर्गंध के कारण दुकानदारों का बैठना मुश्किल हो गया था। वहीं, मच्छर-मक्खियों के पनपने से बीमारियां फैलने का खतरा भी बना हुआ था। स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों के बाद नगर पंचायत ने सफाई अभियान शुरू किया है। इससे व्यापारियों और आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
नगर पंचायत अध्यक्ष संधीरा कपिल ने बताया कि सफाई अभियान केवल वार्ड नंबर तीन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि नगर पंचायत के सभी वार्डों में चरणबद्ध तरीके से नालियों की सफाई करवाई जाएगी। साथ ही जहां नालियां क्षतिग्रस्त हैं, उनकी मरम्मत भी करवाई जाएगी ताकि जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सके। उन्होंने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से नालियों में प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य कचरा न फेंकने की अपील की। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। जनसहयोग से ही नेरवा को स्वच्छ और बीमारियां से मुक्त रखा जा सकता है।