20 फीसदी तक महंगी हुई नर्सरी से जमा दो तक की वर्दी और बैग
अन्य स्टेशनरी के दामों में भी वृद्धि, अभिभावक हुए परेशान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। महंगाई के दौर में आर्थिक तंगी से जूझ रहे अभिभावकों को बच्चों के स्कूल खर्चे में दोहरी मार झेलनी पड़ रही है। इसमें जहां स्कूल फीस में 30 फीसदी तक स्कूलों ने बढ़ोतरी कर दी है, वहीं वर्दी व स्कूल बैग की कीमत में भी 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इससे अब अभिभावकों की परेशानी और बढ़ गई है।
जिले में हर निजी स्कूलों की अपनी अलग-अलग वर्दी तय की है। कई स्कूलों में दो ट्रैक सूट के साथ वर्दी, ब्लेजर को भी शामिल किया गया है। स्कूलों ने वर्दी के लिए अपना एक अलग कारोबारी चुना है, जिसके पास ही संबंधित स्कूल की वर्दी मिल रही है। पिछली बार जो कमीज 250 रुपये तक मिल रही थी, वह अब 300 रुपये तक पहुंच गई है। पैंट भी साइज के अनुसार प्रति साइज 30 से 50 रुपये महंगी मिल रही है। साथ ही ब्लेजर और ट्रैक सूट भी 100 से 200 रुपये महंगे कर दिए गए हैं।
उधर, स्कूल बैग भी महंगे हो चुके हैं। अभिभावकों की माने तो नर्सरी, पहली, दूसरी कक्षा के लिए ब्रांडेड स्कूल बैग पहले जहां 400 से 600 रुपये में मिल जाता था, अब वही बैग 800 से 900 रुपये तक मिलने लगा है। प्लास्टिक के सामान जैसे बॉटल, लंच बॉक्स और पेंसिल बॉक्स आदि में भी 05 से लेकर 15 रुपये तक वृद्धि हुई है।
इनसेट
पहल और अब वर्दी सेट के दाम
वर्दी सेट रेडिमेड पहले अब
नर्सरी से पहली- 500-800 780-1140
दूसरी से आठवीं- 850-1400 1350-1600
आठवीं से दसवीं- 1150-1600 1450-1900
जमा एक और दो- 1850-2150 2100-2500