रामपुर बुशहर। दक्षिण अफ्रीका के बाद भारत में भी कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रोन पहुंच गया है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र में संक्रमण से बचाव को लेकर प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग सजग हो गए हैं।
केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद मंगलवार को रामपुर में नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग, व्यापार मंडल, ऑटो, टैक्सी यूनियन, होटल बार एसोसिएशन सहित अन्य संस्थाओं के साथ प्रशासन ने बैठक की। बैठक में कोरोना के नए वैरिएंट से बचने के लिए व्यापक बंदोबस्त करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने बिना मास्क और कोविड गाइड लाइन का पालन न करने वाले लोगों को किसी भी प्रकार की सुविधा देने से मनाही की।
कोरोना संक्रमण के नए वैरिएंट ओमिक्रोन काफी तेजी से फैलने वाला वायरस है। इससे निपटने के लिए एसडीएम रामपुर यादविंद्र पॉल की अध्यक्षता में बैठक हुई। एसडीएम ने बताया कि कोरोना संक्रमण का यह स्वरूप काफी घातक है। इसके फैलने का स्तर पहले में सामने आए संक्रमण से कहीं अधिक है। उन्होंने संस्थाओं के पदाधिकारियों से अपील की कि वे आसपास के लोगों को कोरोना की दूसरी डोज लगाने के लिए प्रेरित करें। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए जारी दिशा-निर्देशों और मास्क पहनना सुनिश्चित करें। यदि कोई भी व्यक्ति बिना मास्क कुछ सामान खरीदना चाहे तो उसे सामान न दिया जाए। उन्होंने संक्रमण से निपटने के लिए आम लोगों से प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने की अपील की।
बीएमओ रामपुर डॉ. आरके नेगी ने बताया कि जिले में कोरोना से बचाव को लेकर जारी टीकाकरण अभियान के तहत उपमंडल में 97 प्रतिशत लोगों को टीका लग चुका है। उन्होंने शेष बचे लोगों से जल्द टीका लगवाने की अपील की। नेगी ने कहा कि उपमंडल में इस समय कोरोना के छह एक्टिव मामले हैं। इनमें से तीन रामपुर के खनेरी अस्पताल, जबकि तीन को होम आइसोलेट किया है। उन्होंने कहा कि संक्रमण के नए स्वरूप से बचने के लिए सभी को सावधानी बरतनी और नियमों की पालना करना आवश्यक है।
इस मौके पर बीडीओ केआर कपूर, तहसीलदार रामपुर मनोहर लाल, नायब तहसीलदार तकलेच नरेश वर्मा, दीपक सूद, तन्मय शर्मा, देवी सिंह बुशैहरी, कमल, मस्त राम सहित अन्य मौजूद रहे।