रोहड़ू। चांशल घाटी में हिमपात के बाद डोडरा क्वार सड़क यातायात के लिए फिर बंद हो गई है। निचले क्षेत्र में दोपहर बाद से हलकी बारिश हो रही है। क्षेत्र के लोगों को फिर वाया उत्तराखंड पैदल सफर करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा। बुधवार शाम को खड़ापत्थर और सुंगरी में भी हिमपात शुरू हो गया था।
बुधवार दोपहर बाद डोडरा क्वार के लिए रोहडू से वाहन नहीं भेजे गए। शिमला सड़क पर खड़ापत्थर में बर्फ पर फिसलन के कारण छोटे वाहन स्किड हो रहे हैं। हालांकि, देर शाम तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही जारी हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की सभी सड़कों पर यातायात सामान्य तौर पर चला हुआ है। वहीं, सुंगरी और खड़ापत्थर में हल्का हिमपात हुआ है।
शिमला-रामपुर सड़क पर भी यातायात रुक-रुक कर जारी रहा। डोडरा क्वार क्षेत्र की पांच पंचायतें हिमपात से सड़क बंद होने के कारण क्षेत्र से कट चुकी हैं। देर शाम तक चांशल घाटी में करीब आधा फुट ताजा हिमपात जम चुका था।