जलोड़ी जोत पर तैनात वायरलेस संचार पोस्ट के आरक्षी अभिषेक।
- फोटो : RAMPUR-HP
रामपुर/आनी/ किन्नौर। मौसम विभाग की चेतावनी के बीच बुधवार सुबह से ही मौसम के मिजाज बिगड़े रहे। किन्नौर की ऊंची चोटियों में हल्की बर्फबारी हुई, जबकि ऊपरी शिमला में भी सुबह से ही मौसम खराब बना रहा। दिन में हल्की बारिश तो बीच-बीच में हल्की धूप खिलती रही।
आउटर सराज में काफी लंबे समय बाद आखिर क्षेत्र की चोटियां एक बार फिर बर्फ की सफेद चादर से ढक गई हैं। आनी के 10281 फीट की ऊंचाई पर स्थित जलोड़ी जोत और आसपास के क्षेत्र में बुधवार शाम तक पांच इंच ताजा हिमपात दर्ज किया गया है। जबकि, निचले क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। जलोड़ी जोत पर हिमपात होने के कारण एनएच 305 यातायात के लिए पूरी तरह से बंद हो गया है। इसके चलते आउटर सराज की 69 पंचायतों की जनता का अपने जिला मुख्यालय कुल्लू से संपर्क कट गया है।
जलोड़ी जोत पर पुलिस संचार पोस्ट में तैनात आरक्षी अभिषेक के मुताबिक यहां करीब चार से पांच इंच ताजा हिमपात हो चुका है। उन्होंने कहा कि पुलिस की वायरलेस सेवा हर विपरीत परिस्थिति में भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि कई लोग जान को जोखिम में डालकर दर्रे को पार करते हैं, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
डीएसपी आनी रविंद्र नेगी ने आम जनता से अपील की है कि बर्फबारी के चलते जलोड़ी दर्रे को पार न करें। वहीं, काफी समय बाद क्षेत्र में हो रही राहत भरी बौछारों से किसानों और बागवानों के चेहरों पर रौनक लौटी है। उम्मीद है कि बारिश और हिमपात होने से बागबान अपने बगीचे के कार्य भी समय पर निपटा सकेंगे।