रोहडू़। चार महीने के इंतजार के बाद डोडरा क्वार सड़क सोमवार दोपहर बाद से छोटे वाहनों के लिए बहाल हो गई है। करीब आठ फीट बर्फ के बीच चांशल घाटी से सड़क पर छोटे वाहन लोक निर्माण विभाग ने आर पार करवाए। विभाग की ओर से निर्धारित लक्ष्य में सड़क बहाल होने पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी व्यक्त की है।
लोक निर्माण विभाग के एसडीओ नरेंद्र सिंह नायक ने बताया कि सड़क पर फिसलन के कारण अभी घाटी से फिसलन का खतरा है। इसलिए लोग दिन के समय ही सफर करना सुनिश्चित करें। डोडरा क्वार सड़क को बहाल करने का काम लोक निर्माण विभाग के कर्मचारियों ने पूरा दिन शून्य तापमान के बीच काम कर पूरा किया है। सड़क को खोलने के लिए दोनों ओर से मशीनें बुलडोजर लगाकर पहले ही मार्च के दूसरे स्प्ताह का लक्ष्य रखा गया था। लोक निर्माण विभाग के अनुसार चांशल घाटी की चोटी पर इस बार पिछले साल की तुलना बर्फ कम है। इसलिए चार महीने में सड़क बहाल हो गई, जबकि पिछले साल पांच महीने बाद सड़क बहाल हुई थी। अब सड़क की ड्रेसिंग का काम चल रहा है।
विभाग ने लोगों को सड़क पर अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए मशीन ऑपरेटरों और कर्मचारियों ने सुबह से शाम तक काम किया है। डोडरा निवासी पूर्व शंकर ध्यान चौहान, महेंद्र बसू, कमल चौहान, राजेश सहित क्षेत्र के लोगों ने समय पर वाहनों को सड़क खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है।
गौर हो कि डोडरा क्वार सड़क पहले हिमपात के बाद पिछले साल दिसंबर महीने से छोटे वाहनों के लिए बंद हो गई थी। इस महीने मौसम खुलने के बाद विभाग ने सड़क को बहाली का काम शुरू किया गया। अभी तक डोडरा क्वार उपमंडल की पांच पंचायतों के लोग एक दिन पैदल सफर करने के बाद वाया उत्तराखंड के धौला होकर सड़क तक पहुंचते थे। अब लोगों को घर पहुंचने के लिए सुविधा मिल गई है।