उपमंडलीय अधिकारियों से मिले पंचायत प्रधान
संवाद न्यूज एजेंसी
नित्थर (कुल्लू)। ग्राम पंचायत शिल्ली के प्रधान कीमत राम डोगरा ने पंचायत के विकास कार्यों में प्रगति लाने के लिए उपमंडलीय अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने विशेष रूप से सड़क निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की।
डोगरा ने अधिशासी अभियंता आनंद शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान शैदरी से शटकिशाह वाया डीगैनी सड़क की वन स्वीकृति प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा हुई। इस सड़क से संबंधित कुछ आपत्तियां विभाग की ओर से लगाई गई थीं। इन आपत्तियों का निस्तारण कर दिया है और मामला वन विभाग लुहरी को भेज दिया है। प्रधान ने वन विभाग से सड़क को शीघ्र स्वीकृति देने का आग्रह किया। उन्होंने प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग की ताकि क्षेत्र की जनता को इसका लाभ जल्द मिल सके। अधिशासी अभियंता निरमंड ने इस नियमानुसार प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने की बात कही। डोगरा ने उपजिलाधिकारी निरमंड और वन प्रभागीय अधिकारी लुहरी से भी मुलाकात की।