बाढ़, भूस्खलन और मानसून की तैयारियों को लेकर हुई मॉक ड्रिल
पूर्व चेतावनी प्रणाली, संचार प्रणाली सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर किया पूर्वाभ्यास
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर बुशहर। सतलुज नदी पर स्थित नाथपा झाकड़ी जल विद्युत परियोजना के बांध स्थल नाथपा में रविवार को प्राकृतिक आपदाओं और मानसून तैयारियों को लेकर मॉक ड्रिल आयोजित की गई। यह अभ्यास एसडीएम भावानगर नारायण सिंह चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें विद्युत परियोजनाओं, सुरक्षा इकाइयों, प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
किन्नौर जिले में आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित इस मॉक ड्रिल के दौरान पूर्व चेतावनी प्रणाली (ईडब्ल्यूएस), संचार तंत्र, हूटर, सायरन और मानसून पूर्व तैयारियों का परीक्षण किया गया। अभ्यास में अचानक बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति का अनुकरण किया गया, साथ ही अपस्ट्रीम-डाउनस्ट्रीम समन्वय, जनशक्ति की तैयारी और सुधारात्मक उपायों पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (किन्नौर, शिमला और कुल्लू), जिला प्रशासन, एनडीआरएफ बटालियन ज्यूरी, हिमाचल प्रदेश पुलिस, एनजेएचपीएस, सीआईएसएफ झाकड़ी, हिमपेस्को नाथपा और परियोजना अस्पताल की टीमों ने संयुक्त रूप से आपदा से निपटने का पूर्वाभ्यास किया। मॉक ड्रिल के तहत सतलुज नदी के किनारे नाथपा बांध, भावानगर, निगुलसरी, ज्यूरी, टीआरटी आउटफॉल एनजेएचपीएस, झाकड़ी, ब्रौ और टीआरटी आरएचपीएस दत्तनगर में लगाए गए हूटर और सायरन का भी परीक्षण किया गया।
एसडीएम नारायण सिंह चौहान ने सभी विभागों से आपदा के समय समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया और आपात स्थिति में राहत कार्यों को पूरी तत्परता और गंभीरता से अंजाम देने पर जोर दिया।