पंचायत समिति निरमंड ने की प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से सर्वेक्षण करवाने की मांग
आपदा प्रभावित परिवारों का जल्द हो पुनर्वास, मिले अनुदान राशि
20 तक परियोजना प्रभावितों की समस्याओं का नहीं हुई समाधान तो करेंगे प्रदर्शन : दलीप
संवाद न्यूज एजेंसी
निरमंड (कुल्लू )। उपमंडल निरमंड को जिला मुख्यालय से जोड़ने के लिए बागा सराहन से बठाड़ के लिए सुरंग का निर्माण किया जाना चाहिए, ताकि लोगों को बर्फबारी के दौरान होने वाली परेशानी और अतिरिक्त सफर से निजात मिल सके।
पंचायत समिति निरमंड ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से इस सुरंग निर्माण के लिए जल्द सर्वेक्षण करवाने की मांग की है। सुरंग के निर्माण से जिला मुख्यालय का संपर्क उपमंडल से पूरे साल बना रहेगा। पंचायत समिति निरमंड की बैठक में आपदा प्रभावितों, परियोजना प्रभावितों सहित आमजन की समस्याओं को लेकर चर्चा की गई। सदस्यों ने चेताया कि परियोजना प्रभावितों की समस्याओं का यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो परियोजना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। निरमंड पंचायत समिति की त्रैमासिक बैठक सोमवार को निरमंड समिति सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता बीडीसी अध्यक्षा दलीप ठाकुर ने की। वहीं खंड विकास अधिकारी नरेश कुमार भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा समिति सदस्यों और नामित सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में सर्वप्रथम गत बैठक के मुद्दों पर चर्चा की गई और संबंधित विभागाध्यक्ष से जन समस्याओं को जल्द सुलझाने का आग्रह किया गया। वहीं बैठक में पानी, बिजली, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई। बीडीसी अध्यक्ष दलीप ठाकुर ने कहा कि बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर चर्चा की गई। समस्याओं को जल्द सुलझाने के लिए उन्हें संबंधित विभागाध्यक्षों को सौंपा गया। उन्होंने सभी अधिकारियों से पंचायत समिति की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उन्हें जल्द सुलझाने की अपील की है। बैठक में इस वर्ष आपदा से प्रभावित हुए परिवारों के जल्द पुनर्वास और उन्हें अनुदान राशि देने की सरकार से मांग उठाई गई। सदस्यों ने लूहरी परियोजना प्रभावितों की समस्याओं को लेकर रोष जताया। सदस्यों ने कहा कि परियोजना प्रभावितों को न फसलों को हुए नुकसान और न ही ब्लास्टिंग से घरों को पहुंची क्षति का मुआवजा मिला है। परियोजना निर्माण के लिए भूमि देने के बाद भी प्रभावितों को रोजगार नहीं मिल रहा। नित्थर पंचायत को पुनर्वास और पुनर्स्थापन के तहत कोई लाभ नहीं दिया जा रहा। समिति के अध्यक्ष दलीप ठाकुर ने प्रशासन को चेताया है कि यदि प्रभावितों की मांगों को लेकर 20 नवंबर तक कोई उचित कार्रवाई नहीं की गई तो पंचायत समिति प्रभावितों के साथ मिलकर परियोजना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन करने को मजबूर होगी। इस मौके पर पंस उपाध्यक्ष बिंद राम वर्मा, जिप सदस्य पूर्ण ठाकुर, जिप सदस्य देवेंद्र नेगी सहित अन्य मौजूद रहे।