मंडी आढ़ती
एसोसिएशन ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह
के समक्ष पुल लगाने की उठाई
मांग
पुल बनने के बाद खेगसू से सीधे एनएच-05 को हो सकेगी आवाजाही, छह किमी घटेगी दूरी मंडी तक की दूरी
हरिकृष्ण शर्मा।
आनी (कुल्लू)। खेगसू मंडी एसोसिएशन ने लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह से कहा साहब! खेगसू से सतलुज के ऊपर एनएच-05 को जोड़ने के लिए पुल बनवा दीजिए, भविष्य के लिए उनकी सारी समस्याओं का समाधान हो जाएगा। खेगसू मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष कर्मचंद ठाकुर ने कहा कि खेगसू सेब मंडी में हर साल लाखों सेब पेटियों का कारोबार होता है। जिला कुल्लू के अलावा, शिमला, किन्नौर और मंडी जिले से बागवान खेगसू मंडी में अपना सेब बेचने आते हैं, लेकिन लूहरी पुल और इस बीच खेगसू मंडी तक सड़क ठीक न होने से भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि लूहरी से खेगसू की ओर तीखे और संकरे मोड होने के कारण बाहर से आने वाले बड़े ट्रालों के तिरपाल फट जाते हैं और मुश्किलों से ये ट्राले मंडी तक आवाजाही कर पाते हैं। वहीं, महज दस टन लोड के लिए पास हुए लूहरी पुल पर अधिक लोड वाले वाहन गुजरते हैं। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मंडी एसोसिएशन ने मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मांग उठाई है कि यदि खेगसू मंडी से सतलुज के ऊपर सीधा पुल बनवाया जाता है, तो उनकी आवाजाही खेगसू से सीधे एनएच-05 को हो सकेगी। इससे जहां सड़क की दूरी 6 किलोमीटर घट जाएगी, वहीं खतरे भरी राह से हमेशा के लिए निजात मिलेगी। उन्होंने लोक निर्माण विभाग मंत्री से इस मांग को जल्द पूरा करने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा इस पुल से क्षेत्रवासियों को भी फायदा होगा।
12 पंचायतों को मिलेगा लाभ
खेगसू की माता कूष्मांडा पर शिमला जिले के लोगों की बहुत मान्यताएं हैं। शिमला से प्रतिदिन लोग मंदिर पहुंचते हैं। 6 किलोमीटर घूम कर लोगों को यहां पहुंचना पड़ता है। पुल बनने के बाद सड़क सीधी एनएच-05 से जुड़ जाएगी और कई लोगों को फायदा होगा। इसके अलावा दलाश, नित्थर समेत क्षेत्र की 12 पंचायतों की जनता को इस पुल का लाभ मिलेगा। उन्होंने मंत्री विक्रमादित्य सिंह से मांग उठाई है कि यह पुल भविष्य की मांग है। उन्होंने समय रहते निर्माण की मांग उठाई है। इस अवसर पर अध्यक्ष कर्मचंद ठाकुर, सुरेश ठाकुर, महेंद्र ठाकुर, संजय शर्मा, राजेंद्र वर्मा, प्रवेश, रविंद्र जिस्टु, सुरेश, नागू शर्मा, ज्ञान ठाकुर, कुमार, योगेश वर्मा, राकेश वर्मा, राजेश ठाकुर, अशोक ठाकुर सहित आढ़ती एसोसिएशन के सभी सदस्य मौजूद रहे। वहीं, मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आढ़ती एसोसिएशन की मांग को गौर से सुना और कहा कि वे इस बारे जल्द समीक्षा करेंगे।