नरेंद्र बरागटा ने आयुर्वेदिक भवन के लिए स्वीकृत करवाए थे 20 लाख रुपये.
विज्ञापन
भाजपा नेताओं ने रोहित ठाकुर पर लगाया श्रेय लेने की राजनीति का आरोप संवाद न्यूज़ एजेंसी रोहड़ू । कोटखाई उपमंडल के डीम कैची से नगान गांव को जोड़ने वाली सड़क की हालत पिछले छह वर्षों से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे पड़े हैं। साथ ही धूल और कीचड़ के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क की हालत में सुधार न होने पर भाजपा नेताओं ने प्रदेश सरकार और स्थानीय विधायक एवं शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को घेरा है। कोटखाई-नावर भाजपा मंडल अध्यक्ष सुंदर डोगरा, जिला सचिव अशोक जस्टा और पूर्व प्रधान रोशन लाल ने आरोप लगाया कि शिक्षा मंत्री को जनता की समस्याओं से ज्यादा श्रेय लेने की चिंता है। उनके अनुसार, अपने विधानसभा क्षेत्र में ही बुनियादी सुविधाओं की स्थिति ठीक नहीं है और छह साल से सड़क की हालत नहीं सुधर पाना सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। भाजपा नेताओं ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वर्गीय नरेंद्र बरागटा ने नगान गांव के लोगों के आग्रह पर आयुर्वेदिक भवन के निर्माण के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत करवाए थे। उन्होंने हमेशा क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, रोहित ठाकुर के करीब 20 वर्षों के राजनीतिक कार्यकाल में पहली बार उन्हें मंत्री और विधायक के दर्शन हुए हैं। यह स्थिति क्षेत्र के प्रति जनप्रतिनिधि की गंभीरता पर सवाल खड़े करती है।
महाबीर चौहान, सुनील चौहान, जय सिंह, राजू सनेइक, मदन घाई, गोविंद राजटा, प्रताप राजटा, शालिग राम, रिकी राजटा, राजेंद्र चौहान, मोहन्दर चौहान, देविंदर चौहान, दीपक हांगटा, अनिल हांगटा और विशाल भिकटा सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रदेश सरकार से डीम कैची-नगान सड़क की हालत जल्द सुधारने की मांग की है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को घोषणाओं और श्रेय की राजनीति के बजाय धरातल पर विकास चाहिए।